प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल बोले, सरकार बनी तो पांच साल तक रोजगार पर रहेगा जोर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अगर हमारी सरकार बनी तो पांच साल तक रोजगार पर जोर रहेगा। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष एजेंडे में राज्‍य में बेरोजगारी दूर करना है। कहा कि परिवर्तन यात्रा का तीसरा चरण 10-12 दिन बाद शुरू किया जाएगा।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 01:39 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 01:39 PM (IST)
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल बोले, सरकार बनी तो पांच साल तक रोजगार पर रहेगा जोर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि परिवर्तन यात्रा का तीसरा चरण 10-12 दिन बाद शुरू किया जाएगा। दो-तीन दिन में कार्यक्रम तय होगा। तीसरा चरण गढ़वाल या कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्र में होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी दूर करना कांग्रेस का शीर्ष एजेंडा रहेगा। सरकार बनने पर कांग्रेस अगले पांच साल रोजगार मुहैया कराने पर सबसे ज्यादा जोर देगी।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में गणेश गोदियाल ने हरिद्वार में हुए परिवर्तन यात्रा के दूसरे चरण को पहले चरण से ज्यादा कामयाब करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवा भाजपा सरकार के बेरुखी के रवैये को समझ चुके हैं। पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बेरोजगारी नियंत्रण में थी। अब उत्तराखंड बेरोजगारी के मामले में देश में दूसरे स्थान पर है।

2022 में करेंगे सत्ता में वापसी

उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्र में शुरू होने जा रहे परिवर्तन यात्रा के तीसरे चरण के कार्यक्रम को तय करने में बरसात और सड़कों की स्थिति की अहम भूमिका होगी। जिन क्षेत्रों में सड़कें दुरुस्त होंगी, वहां परिवर्तन यात्रा पहले निकालने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2022 में कांग्रेस प्रदेश की सत्ता में वापसी करेगी।

नरेंद्र गिरि मामले में तुरंत हो जांच

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि की मृत्यु को चिंताजनक बताते हुए गोदियाल ने कहा कि उत्तरप्रदेश में धर्म गुरु असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिस समाज से आते हैं, वहीं वर्ग भय का शिकार है। नरेंद्र गिरि के शिष्य उनकी हत्या का अंदेशा जता रहे हैं। पुलिस को मामले की सही तरीके से जांच करनी चाहिए। हत्या की पुष्टि होने पर दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। इस प्रकरण की जल्द से जल्द जांच की जाए।

यह भी पढ़ें:- Uttarakhand Politics: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा- उत्तराखंड में भी बने अनुसूचित जाति का बेटा सीएम

chat bot
आपका साथी