उत्तराखंड कांग्रेस ने किया राजभवन कूच, पुलिस ने रोका; कांग्रेसियों ने सड़क पर दिया धरना

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व उनके स्टाफ सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों चुनाव आयुक्त समेत कई व्यक्तियों का जासूसी कराने के आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोला है। विरोध स्वरूप कांग्रेसियों ने गुरुवार को राजभवन कूच किया।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 01:53 PM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 10:29 PM (IST)
उत्तराखंड कांग्रेस ने किया राजभवन कूच, पुलिस ने रोका; कांग्रेसियों ने सड़क पर दिया धरना
प्रदेश कांग्रेस ने किया राजभवन कूच, पुलिस ने रोका।

जागरण संवाददाता, देहरादून। केंद्र सरकार पर राहुल गांधी और उनके स्टाफ की जासूसी कराने का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड में कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने राजभवन कूच किया। हालांकि, पुलिस ने उन्हें हाथीबड़कला में बेरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस पर कार्यकर्त्ता वहीं सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। यहां से पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई। बाद में सभी को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और उनके स्टाफ, सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, चुनाव आयुक्त समेत कई व्यक्तियों की जासूसी कराने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे दिलाराम चौक पर एकत्रित होकर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्त्ताओं ने राजभवन कूच किया। पुलिस के रोकने के बाद कांग्रेसी हाथीबड़कला में सड़क पर बैठ गए, जहां कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि देश में विभिन्न व्यक्तियों, पत्रकारों व मानव अधिकार कार्यकर्त्ताओं की जासूसी कराई जा रही है। यह लोकतंत्र के बुनियादी सिद्धांतों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पेगासस स्पाईवेयर नाम का इजरायली साफ्टवेयर खरीद कर यह असंवैधानिक कृत्य किया है।

प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देशभर में पार्टी के कार्यकर्त्ता मोदी सरकार के इस अलोकतांत्रिक कृत्य का न सिर्फ विरोध कर रहे हैं, बल्कि देश के गृह मंत्री अमित शाह के तत्काल इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं। इस मामले की न्यायिक जांच की मांग को लेकर राजभवन कूच किया गया। 

इस दौरान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, वरिष्ठ नेता हीरा सिंह बिष्ट, पूर्व काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, महेश जोशी, संग्राम सिंह पुंडीर, सन्नी कुमार, विकास शर्मा आदि उपस्थित रहे।

खुद ही पुलिस वैन में चढ़े और बोले, हमें गिरफ्तार करो

हाथीबड़कला में सड़क पर करीब आधा घंटा बैठे रहने के बाद कांग्रेस कार्यकर्त्ता खुद ही पुलिस वैन में चढ़ने लगे और अपनी गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस पर पुलिस उन्हें दो वाहनों में पुलिस लाइन ले गई। पार्टी के पदाधिकारियों समेत करीब 40 कार्यकर्त्ताओं ने पुलिस लाइन में भी सांकेतिक धरना देते हुए नारेबाजी की।

यह भी पढ़ें:-प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा- पेगासस मामले में अमित शाह दें इस्तीफा

chat bot
आपका साथी