प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गोठा गांव प्रकरण की जांच के लिए बनाई कमेटी

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ऊधम सिंह नगर के गोठा गांव प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। इस कमे‍टी में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज बेहड़ प्रकाश तिवारी और नारायण सिंह बिष्ट शामिल हैं।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 04:22 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 04:22 PM (IST)
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गोठा गांव प्रकरण की जांच के लिए बनाई कमेटी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ऊधमसिंहनगर जिले के गोठा गांव प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ऊधमसिंह नगर जिले के गोठा गांव प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज बेहड़ की अध्यक्षता में गठित कमेटी में प्रकाश तिवारी और नारायण सिंह बिष्ट शामिल हैं। समिति को जांच रिपोर्ट जल्द सौंपने को कहा गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर पार्टी आगे की कार्यवाही तय करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की गई है। गोदियाल ने कहा कि जनहित के कार्यों से भाजपा को कोई सरोकार नहीं है। गोठा गांव में स्थानीय विधायक व पुलिस का आतंक भाजपा की तानाशाही का प्रत्यक्ष प्रमाण है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व मीडिया सलाहकार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के गोठा गांव में टूटी हुई सड़क के निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोग आंदोलनरत हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय भाजपा विधायक ग्रामीणों पर मुकदमे दर्ज कर प्रताडि़त कर रहे हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। इसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।

भाजपा ने प्रभारियों को सौंपी जिलों में विस क्षेत्रों की जिम्मेदारी

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने प्रदेश प्रभारियों व सह प्रभारियों को जिलों में विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में महिला सह प्रभारियों की नियुक्ति भी पार्टी करने जा रही है।

विधानसभा चुनाव के मैदान में उतर चुकी भाजपा इसके लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती। हालांकि, राज्य में आई आपदा को देखते हुए पार्टी ने 24 अक्टूबर तक अपने सभी कार्यक्रम स्थगित किए हुए हैं, लेकिन चुनावी रणनीति को लेकर निरंतर मंथन जारी है। इस बीच पार्टी ने प्रदेश प्रभारियों व सह प्रभारियों को जिलों में विधानसभा क्षेत्रों का दायित्व भी सौंपा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने इसकी पुष्टि की।

कौशिक ने बताया कि पार्टी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश सह चुनाव प्रभारी सरदार आरपी सिंह व लाकेट चटर्जी को कुछ जिलों में विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अपने-अपने आवंटित विधानसभा क्षेत्रों में कमान संभालेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पहले ही प्रभारी नियुक्त किए जा चुके हैं। अब प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक महिला सह प्रभारी भी नियुक्त की जा रही हैं।

यह भी पढ़ें:- पूर्व सीएम हरीश रावत ने उत्तराखंड सीएम धामी को कहा बछड़ा, जानिए सरकार पर क्यों हमलावर हैं हरदा

chat bot
आपका साथी