हरिद्वार: खेल मंत्री ने नवनिर्मित हाकी स्टेडियम का किया लोकार्पण, वंदना कटारिया के नाम पर है स्टेडियम

खेल मंत्री अरविंद पांडे ने मंगलवार को रोशनाबाद में नवनिर्मित हाकी स्टेडियम का लोकार्पण किया। स्टेडियम का नाम अंतरराष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के नाम पर रखा गया है। इसके बाद उन्होंने बहुद्देश्यीय क्रीड़ा हाल का शिलान्यास भी किया।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 01:49 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 01:49 PM (IST)
हरिद्वार: खेल मंत्री ने नवनिर्मित हाकी स्टेडियम का किया लोकार्पण, वंदना कटारिया के नाम पर है स्टेडियम
हरिद्वार: खेल मंत्री ने नवनिर्मित हाकी स्टेडियम का किया लोकार्पण।

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। खेल मंत्री अरविंद पांडे ने रोशनाबाद में 17.5 करोड़ की लागत से नवनिर्मित वंदना कटारिया हाकी स्टेडियम और 40 बेड के हास्टल का लोकार्पण किया। साथ ही 20 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले बहुद्देशीय क्रीड़ा हाल का शिलान्यास किया। इस मौके पर खेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में अब खेल प्रतिभाएं गुमनाम नहीं होंगी। सरकार की नई खेल नीति में सभी का ध्यान रखा गया है। कार्यक्रम में टोक्यो ओलिंपिक की हैट्रिक गर्ल वंदना कटारिया की माता सोरण देवी को पांच लाख रुपये का चेक और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

मंगलवार को नवनिर्मित स्टेडियम के लोकार्पण और बहुद्देश्यीय क्रीड़ा हाल के लोकार्पण अवसर पर खेल मंत्री अरविंद पांडे ने बताया कि नई खेल नीति में जिले से आठ से 14 वर्ष तक के बच्चों का टेस्ट होगा। इसके जरिए 150 बालिका और 150 बालक का चयन किया जाएगा। जिन्हें डेढ़ हजार रुपये स्कालरशिप दी जाएगी। इसी तरह 14 से 23 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं का भी टेस्ट होगा। 100-100 बालक-बालिकाओं का चयन किया जाएगा। जिन्हें दो हजार रुपये की स्कालरशिप दी जाएगी। इसके अलावा एक बार खेल संबंधी अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए दस हजार रुपये दिए जाएंगे। ओलिंपिक, एशियाड, नेशनल गेम्स में पहुंचने वालों को 54 सौ ग्रेड पे की सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसी तरह राष्ट्रीय और राज्य स्तर के खिलाड़ि‍यों के लिए भी सरकारी नौकरी का प्राविधान किया गया है।

नई खेल नीति को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते खेल मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में उत्तराखंड खेल प्रदेश के रूप में भी जाना जाएगा। कहा कि सरकार जो घोषणा करती है उसका शासनादेश भी जारी करती है। इस मौके पर रानीपुर विस क्षेत्र के विधायक आदेश चौहान ने कहा कि कई खेल प्रतिभाएं क्षेत्र से निकल रही है। खेल के माध्यम से समाज में आपसी सौहार्द तथा सद्भाव का माहौल भी बनता है।

इस अवसर पर खेल निदेशक जीएस रावत, सहायक निदेशक खेल सुनील डोभाल, लव शर्मा, जिला युवा कल्याण और प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी वरद जोशी, प्रभारी खेल अधिकारी वरुण बेलवाल, हरजीत सिंह, तेलूराम, नागेंद्र राणा आदि उपस्थित रहे।

मुकाम पाने वालों के पीछे घूमते हैं मंत्री

खेल मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि हैट्रिक गर्ल वंदना कटारिया ने अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए काफी संघर्ष किया। टोक्यो ओलिंपिक में अभूतपूर्व प्रदर्शन कर अपने माता-पिता, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया। बेटियों से आह्वान करते खेल मंत्री ने कहा कि वह वंदना कटारिया से बड़ा नाम कमाकर वंदना को अपना असल सम्मान दें। कहा कि जिस प्रकार वंदना कटारिया ने संघर्ष के बीच आज विश्व में अपना नाम कमाया है वह मुसीबतें अब किसी भी खिलाड़ी को नहीं झेलनी पड़ेगी। राज्य सरकार ने दिल खोलकर खेल नीति बनायी है। कहा कि खेल में मुकाम पा लिया तो मेरे जैसा मंत्री भी आपके पीछे घूमेगा।

महिला और युवक मंगल दल को भेंट किए चेक

खेल मंत्री ने महिला और युवक मंगल दल को वैक्सीनेशन के कार्य में सहयोग प्रदान करने के लिए आर्थिक सहायता के चेक भेंट किए। समारोह में वरुण, आर दिनेश सिंह, सुमित, रामानंद सिंह, रविकांता सिंह, सचिन कुमार, राविन्सन, कुमारी पूजा, गौरव, फिलिप मैथ्यू (कोच) आदि खिलाड़ि‍यों के उत्साहवर्द्धन को चेक भेंट किए।

यह भी पढ़ें- वंदना कटारिया के नाम से जाना जाएगा रोशनाबाद हाकी स्टेडियम, पढ़िए पूरी खबर

chat bot
आपका साथी