कुटुब पेंशन की राशि आठ हजार करने की मांग

उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के महाधिवेशन में स्वतंत्रता सेनानी आश्रितों को मिलने वाली कुटुंब पेंशन आठ हजार करने की मांग की गई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Jan 2019 10:16 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jan 2019 10:16 PM (IST)
कुटुब पेंशन की राशि आठ हजार करने की मांग
कुटुब पेंशन की राशि आठ हजार करने की मांग

जागरण संवाददाता, देहरादून: उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के महाधिवेशन में संगठन ने घोषणा के अनुरूप स्वतंत्रता सेनानी आश्रितों को मिलने वाले कुटुंब पेंशन की राशि आठ हजार किए जाने की मांग की। साथ ही इस दौरान वक्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने की अपील की। जिससे कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को अधिक से अधिक सम्मान मिल सके।

पुरानी जेल परिसर में संगठन को आवंटित भूमि पर संगठन के पूर्व अध्यक्ष स्व. मोहन सिंह अधिकारी की स्मृति में महाधिवेशन आयोजित किया गया। अधिवेशन का शुभारंभ संगठन के संरक्षक रणजीत सिंह वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान स्व. मोहन सिंह अधिकारी को याद कर उपस्थित सदस्यों से संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से अभी तक स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों के लिए कई कार्य किए हैं। अगर संगठन मजबूत होगा तो आगे भी इसी प्रकार की सुविधाएं स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को मिलती रहेंगी। संगठन के अध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि अभी तक संगठन ने कुटुंब पेंशन योजना लागू करने, पौत्री के विवाह के लिए 50 हजार के अनुदान की सुविधा की व्यवस्था, वाल्वो बस में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा, संगठन कार्यालय के लिए दो बीघा भूमि आवंटित करने सहित विभिन्न सुविधाएं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उसके आश्रितों को उपलब्ध करा चुके हैं। महासचिव भद्रसेन नेगी ने कहा कि दो साल पहले मुख्यमंत्री ने कुटुंब पेंशन की राशि चार हजार से आठ हजार करने की घोषणा की थी। लेकिन, इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसके साथ ही उन्होंने प्रत्येक तीन माह में शासन स्तर पर बैठकें आयोजित करने, संगठन को आवंटित भूमि पर तत्काल चहारदीवारी करने की मांग की। इस दौरान गोव‌र्द्धन प्रसाद शर्मा, मयंक शर्मा, जयपाल सिंह रावत, ललित पंत, आदेश कुमार, मदन मोहन शर्मा, राजीव कोठारी, शोभा बिष्अ, साधू सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित मौजूद थे।

-------

महाधिवेशन में नहीं पहुंचा कोई भी अतिथि

संगठन की ओर से महाधिवेशन में मुख्यमंत्री के साथ ही कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, राजेश शुक्ला के साथ ही महापौर सुनील उनियाल गामा को अतिथियों के तौर पर आंमत्रित किया था, लेकिन इनमें से कोई भी नहीं पहुंचा। जिस पर संगठन की ओर से आक्रोश भी व्यक्त किया। संगठन के महासचिव भद्रसेन नेगी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की बदौलत ही आज देश आजादी की सांस ले रहा है। संगठन भी गैर राजनीतिक है। संगठन के कार्यक्रमों में भागीदारी न करना खेद का विषय है।

chat bot
आपका साथी