धान खरीद केंद्र की अव्यवस्थाओं को लेकर आप का प्रदर्शन

विकासनगर नगर के धान क्रय केंद्र से किसानों को 15 दिन बाद का टोकन दिया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 07:47 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 07:47 PM (IST)
धान खरीद केंद्र की अव्यवस्थाओं को लेकर आप का प्रदर्शन
धान खरीद केंद्र की अव्यवस्थाओं को लेकर आप का प्रदर्शन

जागरण संवाददाता, विकासनगर: नगर के धान क्रय केंद्र से किसानों को 15 दिन बाद का टोकन दिया जा रहा है। केंद्र पर मात्र एक कांटे से तौल होने से किसानों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। लेबर भी पर्याप्त नहीं है। अधिकारी समय से केंद्र पर नहीं पहुंच रहे हैं। किसानों की इन्हीं समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकत्र्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया और प्रशासन से धान क्रय केंद्र विकासनगर बाजार से बाहर बनाने की मांग की।

किसानों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष गुरमेल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में कार्यकत्र्ता क्रय केंद्र पर एकत्र हुए। कार्यकत्र्ताओं ने क्रय केंद्र की अव्यवस्थाओं को लेकर प्रदर्शन किया। आप जिलाध्यक्ष ने कहा कि विकासनगर में धान क्रय केंद्र खोला गया है, जहां से किसानों को 15 दिन बाद का टोकन दिया जा रहा है और धान क्रय केंद्र पर मात्र एक कांटे से किसानों का धान तौला जा रहा है। लेबर भी पर्याप्त मात्रा में नहीं है। उनका कहना है कि अधिकारी समय से केंद्र पर नहीं पहुंचते हैं, जिससे किसान अधिक परेशान है। कहा कि किसानों का धान क्रय केंद्र पर तौलने की बजाए मिल मालिक से सांठगांठ कर मिल पर ही तौला जा रहा है। जहां पर किसानों का कहना है कि हमारा धान एक कुंतल पर छह किलो काटा जा रहा है और टोकन 15 दिन बाद का दिया जा रहा है। धान 15 दिन बोरी में रहने के बाद रंग काला हो जाता है। उसे लेने से मिल मालिक मना कर रहे हैं। आप जिलाध्यक्ष ने कहा कि एक ओर तो बेमौसम बारिश ने किसानों की धान की फसल बर्बाद कर दी है, दूसरी तरफ धान क्रय केंद्रों पर किसानों की दुर्दशा हो रही है। अभी तक उत्तराखंड सरकार किसानों की फसल बर्बाद होने के बाद कोई भी पैकेज की घोषणा नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि जहां पर किसानों का धान तौला जा रहा है, वहां पर सरकारी सस्ते गल्ले वालों का राशन आता है। वहां पर बहुत सारे ट्रक खड़े रहते हैं। ऐसी हालत में ट्रैक्टर ट्राली ले जाने की जगह भी नहीं है। क्रय केंद्र बाजार से बाहर खोलने की और तौल की व्यवस्था क्रय केंद्र पर ही की जाए। एक से अधिक कांटो की व्यवस्था की जाए और लेबर की संख्या बढ़ाई जाए, जिससे किसानों का धान समय से खरीदा जा सके। प्रदर्शनकारियों में संगठन मंत्री मनोज चौधरी, विधानसभा उपाध्यक्ष दयाराम सिंह, जिला उपाध्यक्ष गुलफाम अहमद, महेंद्र सिंह चौधरी, सचिव युवा मोर्चा आरती राणा, वीरेंद्र सिंह चौधरी, सुनील कुमार, कश्मीरा सिंह, राजा बाबू, सुनील गौतम, लक्ष्मीकांत गौतम, विजय सिंह आदि शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी