राहगीर और बेघर रैन बसेरे में गुजार सकेंगे सर्द मौसम की रात
विकासनगर सर्दी का मौसम शुरू होते ही हरबर्टपुर नगर पालिका ने राहगीर बेघर महिला और पुरुषों के लिए रैन बसेरा की व्यवस्था शुरू कर दी है।
संवाद सहयोगी, विकासनगर: सर्दी का मौसम शुरू होते ही हरबर्टपुर नगर पालिका ने राहगीर, बेघर महिला और पुरूषों के लिए रैन बसेरे की व्यवस्था दुरुस्त कर दी। नगर के चाय बागान क्षेत्र में बने रैन बसेरे में रात गुजारने और सर्दी से बचने के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि रैन बसेरे में कोविड-19 से सुरक्षा के लिए सैनिटाइजर का छिड़काव और शारीरिक दूरी का पालन आदि की सावधानी पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उधर, नगर पालिका विकासनगर ने अभी तक इस दिशा में कोई पहल नहीं की है।
नगर पालिका हरबर्टपुर की ओर से वार्ड नंबर सात मोहल्ला चाय बागान में रैन बसेरे की व्यवस्था की है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भगवंत सिंह बिष्ट और पालिका के कर्मचारियों ने रैन बसेरे की साफ-सफाई और अन्य इंतजाम का जायजा लिया। पालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कई राज्यों का केंद्र होने के कारण हरबर्टपुर क्षेत्र में बाहरी लोग काफी संख्या में आते रहते हैं। इसके अलावा क्षेत्र के बेघर लोग भी रेन बसेरे में रात गुजार सकते हैं। उन्होंने बताया कि रैन बसेरे में बेड, बिस्तर और पीने के पानी की सुविधा मुहैया कराई गई है। इसके अलावा कोविड-19 की ²ष्टि से भी रेन बसेरे में सैनिटाइजर का नियमित रूप से छिड़़काव कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम से बचाव के लिए अन्य क्षेत्रों में इस प्रकार की सुविधा शुरू की जाएगी। रेन बसेरे के निरीक्षण के दौरान पवन थापा, महेश, रजत, दीपेंद्र कुश्वाहा, सुंदर आदि पालिका कर्मचारी उपस्थित रहे।