कर्मचारियों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय का किया घेराव

विकासनगर उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ व हाइड्रो इलेक्ट्रिक इंप्लाइज यूनियन के कर्मचारियों ने डाकपत्थर में अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव किया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 09:43 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 09:43 PM (IST)
कर्मचारियों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय का किया घेराव
कर्मचारियों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय का किया घेराव

जागरण संवाददाता, विकासनगर: उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ व हाइड्रो इलेक्ट्रिक इंप्लाइज यूनियन के पदाधिकारियों ने परियोजना वितरण खंड डाकपत्थर के अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव किया। नारेबाजी के बीच उन्होंने आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता अन्य संगठन से प्रभावित होकर डाकपत्थर कालोनी में नियम विरुद्ध तरीके से आवास आवंटन कर रहे हैं।

यूनियन के परियोजना सचिव नौशाद आलम और संघ के संगठन मंत्री गढ़वाल जोन यतिन सिंह धीमान ने कहा कि, टोस कालोनी डाकपत्थर में आवास आवंटन होना था, परन्तु वरिष्ठता क्रम में निचले कर्मचारी ने ताला तोड़ कर उसमें अवैध कब्जा कर लिया। इसके चलते वरिष्ठ कार्मिक को आवास नहीं मिल पा रहा है। इससे पूर्व टोंस कालोनी डाकपत्थर में लखवाड़ के कनिष्ठ कार्मिक को आवास आवंटित कर दिया गया, जबकि यह आवास जल विद्युत निगम यमुना वैली के कार्मिक को आवंटित किया जाना था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विशेष सेवानिवृत्त कार्मिकों को विभागीय आवास रिक्त न कराते हुये नियम विरुद्ध तरीके से उपादान का भुगतान करा दिया गया। इससे पूर्व मेडिकल ग्राउंड में कार्मिक को आवंटित आवास में भी कार्मिक का शोषण किया गया। कर्मचारियों का आरोप है कि, अन्य कार्मिक जो एक संगठन के सदस्य हैं, उनको नई यमुना कलोनी डाकपत्थर में बिना विज्ञप्ति के ही आवास आवंटित कर दिया गया। संगठन से जुड़े सदस्यों और पदाधिकारियों ने निगम प्रबंधक से इस मामले में कार्रवाई की मांग की। घेराव व प्रदर्शन में बीएम तिवारी, सतनाम सिंह संजय राणा, पिटू सागर, सुनील शर्मा, सुभाष, नवीन चौहान, विशाल गुप्ता, सेवाराम, आरएस अरोडा, सूरत सिंह, कामवीर, महीपाल सिंह, याकूब अली, जयपाल आदि शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी