उत्‍तराखंड में आपदा प्रबंधन पर सियासत, कांग्रेस ने सरकार पर बोला हमला

उत्‍तराखंड में आई आपदा पर सियासत गरमा गई है। आपदा प्रबंधन को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद पूरा सरकारी तंत्र सोया रहा। जिससे इतना नुकसान हुआ।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 09:46 AM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 09:46 AM (IST)
उत्‍तराखंड में आपदा प्रबंधन पर सियासत, कांग्रेस ने सरकार पर बोला हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रदेश में दो दिन से भारी बारिश के चलते आई आपदा पर सियासत भी गर्मा गई है। कांग्रेस ने आपदा प्रबंधन को लेकर सरकार पर हमला बोल दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद मुख्यमंत्री, आपदा प्रबंधन मंत्री समेत पूरा सरकारी तंत्र सोया रहा। इस वजह से आपदा से जानमाल का बड़ा नुकसान हुआ है।

गोदियाल ने कहा कि सरकारी तंत्र की लापरवाही की वजह से कई सरकारी व निजी भवन आपदा की भेंट चढ़ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने मात्र फोन पर जानकारी लेकर रस्म अदायगी की। आपदा प्रबंधन मंत्री डा धन सिंह रावत कहावत 'रोम जल रहा था, नीरो बंसी बजा रहा था' चरितार्थ करते दिखाई दिए। सरकार ने आपदा प्रभावितों के लिए अब तक सहायता की घोषणा नहीं की है। कोरोना महामारी को झेल रही जनता को आपदा ने झकझोर दिया है।

धामी सरकार की सौ दिन की उपलब्धियों पर प्रहार

इस मौके पर उन्होंने धामी सरकार की 100 दिन की उपलब्धियों पर भी प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के तीन मुख्यमंत्री घोषणावीर रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी को 100 दिन में घोषणावीर के रूप में ही जनता जान पाई है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना महामारी में भाजपा की प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल रही है। कोविड टीकाकरण के मामले में केंद्र व राज्य की सरकारें लगातार जनता को भ्रमित करने का काम करती रही हैं।

किसानों को करें क्षतिपूर्ति: प्रीतम

नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में आपदा से बड़ी क्षति हुई है। कई व्यक्तियों की अकाल मृत्यु हो चुकी है। किसानों की धान और अन्य फसल को नुकसान पहुंचा है। सरकार के धान नहीं खरीदने से किसानों को हानि उठानी पड़ी है। क्षति का आकलन कर किसानों को क्षतिपूर्ति की जानी चाहिए। कांग्रेस आपदा प्रभावितों और किसानों के साथ खड़ी है।

राजनीतिक कार्यक्रम स्थगित कर जन सहयोग करें कार्यकर्त्‍ता: देवेंद्र

वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने राज्य में भारी बारिश के कारण आई आपदा में सभी राजनीतिक कार्यक्रम स्थगित करने को कहा है। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं से जन सेवा और प्रभावितों की मदद में जुटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों की सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। कार्यकर्त्‍ता ओं को शासन और प्रशासन को भी जरूरत पड़ने पर सहयोग करने को कहा गया है।

कांग्रेस ने गठित किया आपदा राहत केंद्र

प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी की अध्यक्षता में आपदा राहत केंद्र का गठन किया गया है।

यह भी पढ़ें:- भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा- भाजपा से कोई कहीं नहीं जा रहा

chat bot
आपका साथी