ऋषिकेश में गंगा के टापू में फंसे दिल्‍ली के पांच पर्यटकों को जल पुलिस ने बचाया

गणतंत्र दिवस के अवकाश पर मंगलवार को ऋषिकेश आसपास क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने के लिए आए हैं। इस दौरान मुनिकीरेती जानकीपुल के समीप टापू में दिल्ली के पांच पर्यटक फंस गए। जिन्हें जल पुलिस की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 06:58 PM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 06:58 PM (IST)
ऋषिकेश में गंगा के टापू में फंसे दिल्‍ली के पांच पर्यटकों को जल पुलिस ने बचाया
ऋषिकेश में गंगा के टापू में फंसे दिल्‍ली के पांच पर्यटकों को जल पुलिस ने बचाया।

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। गणतंत्र दिवस के अवकाश पर मंगलवार को ऋषिकेश आसपास क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने के लिए आए हैं। इस दौरान मुनिकीरेती जानकीपुल के समीप टापू में दिल्ली के पांच पर्यटक फंस गए। जिन्हें जल पुलिस की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। घटना मंगलवार की सायं करीब 3:45 बजे की है। इस दौरान मुनिकीरेती के पूर्णानंद घाट पर पहुंचे दिल्ली के कुछ पर्यटक पानी कम होने के कारण गंगा के बीच टापू में चले गए। इस बीच नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण यह सभी पर्यटक टापू में ही फंस गए।

सूचना मिलने पर मुनिकीरेती जल पुलिस चौकी से जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य राफ्ट के जरिये टापू तक पहुंचे। वहां मौजूद पांच पर्यटकों को लाइफ जैकेट पहनाकर राफ्ट के जरिये गंगा तट तक पहुंचाया गया।

इस संबंध में मुनिकीरेती के थाना प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि जल पुलिस और आपदा राहत दल 40 बटालियन के कर्मचारियों के द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। उन्‍होंने बताया कि रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों में रोहन (18 वर्ष) पुत्र मुन्ने लाल मकान नंबर एएफ 15ए शालीमार बाग दिल्ली, अनुभव (18 वर्ष) पुत्र मनीष कुमार, तुषार (19 वर्ष) पुत्र कुल बहादुर सिंह, विशाल कुमार (18 वर्ष) पुत्र नीरज कुमार और सागर कुमार (20 वर्ष) पुत्र संजय कुमार सभी निवासी शालीमार बाग दिल्ली शामिल है।

रविवार को भी टापू में फंसे आठ श्रद्धालुओं को बचाया

गौरतलब है कि रविवार को भी मुनिकीरेती में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से आठ श्रद्धालु टापू में फंस गए थे। जल पुलिस के जवानों से समय रहते राफ्ट से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। रविवार को अलग-अलग क्षेत्रों के आठ लोग जिनमें सिमरन निवासी रायवाला, सलीना राणा, कनू क्षेत्री दोनों निवासी डोईवाला, विवेक थापा निवासी मियांवाला, देवेंद्र, महेन्द्र दोनों निवासी गुड़गांव, बीरबल सिंह, हर्ष दोनों निवासी शीशमझाड़ी दोपहर दो बजे करीब जानकी सेतु के समीप गंगा नदी में बने टापू पर पहुंचे थे। इस दौरान सभी लोग मौज मस्ती कर रहे थे। इस बीच गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। सूचना पर जल पुलिस के जवानों ने राफ्ट से अभियान चलाया और काफी मशक्कत करने के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। जल पुलिस के जवानों में उत्तम सिंह, सुनील रावत, मनोज बिष्ट और शिवम सिंह शामिल रहे।

यह भी पढ़ें-गंगा के बीच टापू में फंसे पांच श्रद्धालु

chat bot
आपका साथी