उत्‍तराखंड में पुलिस कर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

कोरोनाकाल में सराहनीय कार्य करने पर विभिन्न विभागों के कार्मिकों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसी क्रम में पुलिस कर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस संबंध में गृह विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 11:01 AM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 11:01 AM (IST)
उत्‍तराखंड में पुलिस कर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
उत्‍तराखंड में पुलिस कर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। कोरोना काल में पुलिस कार्मिकों द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों एवं सेवाओं के लिए इंस्पेक्टर से लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को एकमुश्त 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री घोषणा के क्रम में गृह विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। इसके साथ ही महिला सशक्तीकरण व बाल कल्याण विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं को पांच माह तक हर माह दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने के आदेश भी जारी किए हैं।

प्रदेश सरकार ने कोरोना काल में सराहनीय कार्य करने पर विभिन्न विभागों के कार्मिकों को प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुछ समय पहले इसकी घोषणा की थी। घोषणा के क्रम में अब प्रोत्साहन राशि देने संबंधी आदेश जारी किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को गृह व महिला सशक्तीकरण विभाग ने पुलिस कार्मिकों व आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं को प्रोत्साहन राशि देने के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह प्रोत्साहन राशि जल्द कार्मिकों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसकी सूची शासन को भेजी जाएगी।

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी आदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं को प्रोत्साहन राशि देने के लिए पहली किस्त के सापेक्ष 35 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए गए हैं।

महालक्ष्मी किट के लिए 7.80 करोड़ जारी

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने मुख्यमंत्री घोषणा के क्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों में महालक्ष्मी किट खरीदने के लिए 7.80 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। सचिव महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास हरिचंद्र सेमवाल द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस धनराशि का उपयोग केवल उसी मद में किया जाएगा, जिसके लिए यह जारी की गई है।

यह भी पढ़े:-सिंचाई विभाग में 50 लाख तक के कार्य के लिए अनुभव प्रमाण पत्र जरूरी नहीं

chat bot
आपका साथी