Dehradun Crime News: दिल्ली से देहरादून में डकैती डालने आए दो बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Dehradun Crime News देहरादून की पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने दो ऐसे बदमाशों को गिरफ्तार किया है जो दिल्ली से देहरादून में डकैती डालने आए थे। पुलिस को बदमाशों के पास से देसी कट्टा कारतूस व अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 09:19 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 09:19 AM (IST)
Dehradun Crime News: दिल्ली से देहरादून में डकैती डालने आए दो बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पटेलनगर कोतवाली पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए डकैती की योजना बनाने वाले बदमाश।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Dehradun Crime News: दिल्ली से देहरादून में डकैती डालने आए दो बदमाशों को पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से देसी कट्टा, कारतूस व अन्य सामान बरामद हुआ है। बदमाशों के खिलाफ दिल्ली में लूट, डकैती व चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रदीप राणा ने बताया कि शनिवार रात को पुलिस टीम आइएसबीटी क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान होटल, ढाबों को भी चेक किया जा रहा था। इस दौरान सूचना मिली कि नयागांव श्मशान घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर कुछ लोग बैठे हुए हैं।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पुलिस को देख तीन बदमाश भाग गए, जबकि दो को पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्तियों ने अपना नाम रिंकू वर्मा उर्फ ऋषि व राजकुमार बताया। पुलिस ने रिंकू के पास से एक देसी कट्टा व कारतूस और राजकुमार से एक खुखरी, दो टार्च, दो पेचकस, एक आरी, एक हथौड़ी व छेनी बरामद की। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ नयागांव में डकैती डालना चाहते थे। पुलिस दोनों बदमाशों की आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।

रिंकू है गिरोह का सरगना

इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच में पता चला है कि बदमाशों का एक गैंग बना हुआ है, जिसका सरगना रिंकू है। उसे दिल्ली पुलिस ने दो साल पहले तड़ीपार किया था। रिंकू के खिलाफ दिल्ली में चोरी, लूट, डकैती आदि के नौ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं राजकुमार के खिलाफ डकैती व आर्म्‍स के दो मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि रिंकू 2007 से सक्रिय है। बदमाश ने 2021 में ही चार वारदात को अंजाम दिया।

सुनसान जगह पर देते हैं घटना को अंजाम

इंस्पेक्टर राणा ने बताया कि यह गिरोह सुनसान जगह पर बने घरों को ही निशाना बनाता है। इसीलिए उन्होंने दून में नयागांव को टारगेट बनाया था। यहां से घटना को अंजाम देने के बाद उन्हें पांवटा साहिब की तरफ निकलना था। उन्होंने बताया कि गिरोह जहां जाता है, वहां नए साथियों को शामिल करता है।

यह भी पढ़ें:- Dehradun Crime: नाबालिग को कमरे में कैद रखकर किया दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार

chat bot
आपका साथी