पीएम के खिलाफ दर्ज हो मुकदमा: प्रीतम सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में पार्टी कार्यकत्र्ताओं पर मुकदमें दर्ज किए जा रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Oct 2020 10:24 PM (IST) Updated:Mon, 26 Oct 2020 10:24 PM (IST)
पीएम के खिलाफ दर्ज हो मुकदमा: प्रीतम सिंह
पीएम के खिलाफ दर्ज हो मुकदमा: प्रीतम सिंह

राज्य ब्यूरो, देहरादून

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में पार्टी कार्यकत्र्ताओं पर मुकदमें दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने बिहार चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने जन समूह की मौजूदगी के लिए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सोमवार को मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कोरोना संक्रमण बढऩे के लिए केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण पर काबू करने में दोनों सरकार विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की विदाई का समय आ गया है। मुख्यमंत्री भले ही गांवों में जाने पर जोर दें, लेकिन उनके चेहरे पर डर साफ झलक रहा है। परेशानहाल राज्य की जनता सरकार को सबक सिखाने को चुनाव का इंतजार कर रही है।

बंशीधर भगत पर बोला हमला

विधायक महेश नेगी पर लगे यौन उत्पीडऩ के आरोपों के मामले में उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि विधायक के खिलाफ विधायक आवास, मसूरी से लेकर दिल्ली तक सबूत मिल चुके हैं। डीएनए टेस्ट कराने के बजाय पीड़ित महिला का उत्पीडऩ किया जा रहा है। बंशीधर भगत बताएं कि उन्होंने विधायक के खिलाफ क्या कार्यवाही की।

रामलीला मंचन से जुड़े रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह रामलीला नहीं है। इस मामले में कमेटी बनाकर बचा नहीं जा सकता। भाजपा विधायकों के विवादों के प्रकरणों पर बनीं कमेटियों से अभी तक कुछ भी ठोस सामने नहीं आया।भाजपा विधायक पूरण सिंह फत्र्याल खुद सरकार के जीरो टॉलरेंस पर सवाल उठा चुके हैं। सरकार और सत्तारूढ़ दल को अब अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। मंत्रिमंडल के सदस्यों में असंतोष का जिक्र करते हुए उन्होंने तंज भी कसा।

कांग्रेस अब रोडमैप बनाकर आगे बढ़ेगी

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव की मौजूदगी में पार्टी ब्लॉक स्तर से लेकर राज्य स्तर तक रोडमैप तैयार करेगी। इसके आधार पर उत्तराखंड में पार्टी आगे बढ़ेगी।

chat bot
आपका साथी