सिरमौर के शिलाई से शाही स्नान को हनोल पहुंची देव पालकी

चकराता/त्यूणी शुक्रवार को हिमाचल-सिरमौर के शिलाई मंदिर से नई देव पालकी को शाही स्नान के लिए सिद्धपीठ महासू देवता मंदिर लाया गया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 10:06 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 10:06 PM (IST)
सिरमौर के शिलाई से शाही स्नान को हनोल पहुंची देव पालकी
सिरमौर के शिलाई से शाही स्नान को हनोल पहुंची देव पालकी

संवाद सूत्र, चकराता/त्यूणी: शुक्रवार को हिमाचल-सिरमौर के शिलाई मंदिर से नई देव पालकी को शाही स्नान के लिए जौनसार-बावर के सिद्धपीठ श्री महासू देवता मंदिर हनोल लाया गया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर समिति ने देव पालकी का परंपरागत तरीके से स्वागत किया। देव पालकी के साथ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए मंदिर समिति ने भंडारे की व्यवस्था की।

हिमाचल के सिरमौर जनपद से जुड़े शिलाई क्षेत्र में महासू देवता की बड़ी मान्यता है। सिरमौर और शिमला जनपद से जुड़े विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु महासू देवता के दरबार में मत्था टेकने हनोल मंदिर आते हैं। इसी कड़ी में सिरमौर के शिलाई क्षेत्र से करीब 50 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ लोग नई देव पालकी लेकर शाही स्नान के लिए हनोल मंदिर पहुंचे। हिमाचल के शिलाई क्षेत्र से गाजे-बाजे के साथ हनोल पहुंची महासू देवता की चांदी से निर्मित देव पालकी का मंदिर के कारसेवकों, स्थानीय ग्रामीणों व मंदिर प्रबंधन समिति ने परंपरागत तरीके से देवता का स्वागत किया। देव यात्रा में आए शिलाई के ग्रामीणों ने कहा कि इस बार शिलाई मंदिर समिति ने देवता की नई पालकी बनाई है। जिसकी प्राण प्रतिष्ठा की जानी है। इसके लिए देव पालकी को सिद्धपीठ में विधि-विधान के साथ रात्रि जागरण के उपरांत शनिवार सुबह शुभ लग्न के अनुसार देवकुंड में शाही स्नान कराया जाएगा। मंदिर प्रबंधन समिति ने रात्रि में भंडारे की व्यवस्था की। श्रद्धालुओं ने महासू देवता के दर्शन कर अपने घर-परिवार व क्षेत्रवासियों के खुशहाली की कामना की। इस मौके पर शिलाई मंदिर के पुजारी राजेंद्र शर्मा, हनोल मंदिर समिति के सहायक प्रबंधक विक्रम सिंह राजगुरु, देवमाली महेंद्र शर्मा, रोशन लाल, कुलदीप शर्मा, तोताराम, गुमान सिंह, रतीराम, तुलाराम, जगपाल, रतन सिंह, सुरेंद्र शर्मा, प्रताप सिंह, सुखराम, संतराम आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी