हाईवे पर बेरोकटोक दौड़ रहे लकड़ी से भरे ओवरलोड ट्रक

चकराता जिम्मेदारों की अनदेखी से पहाड़ के संकरे मार्ग पर लकड़ी से भरे ओवरलोड ट्रक दौड़ते नजर आ रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Mar 2021 01:39 AM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 01:39 AM (IST)
हाईवे पर बेरोकटोक दौड़ रहे लकड़ी से भरे ओवरलोड ट्रक
हाईवे पर बेरोकटोक दौड़ रहे लकड़ी से भरे ओवरलोड ट्रक

संवाद सूत्र, चकराता: जिम्मेदारों की अनदेखी से पहाड़ के संकरे मार्ग पर लकड़ी से भरे ओवरलोड ट्रक बेरोकटोक हाईवे पर दौड़ रहे हैं, जिसे देखने व रोकने वाला कोई नहीं है। ऐसे में कब कोई बड़ा हादसा हो जाए कहा नहीं जा सकता। बताया जा रहा कि वन विकास निगम ने ट्रकों के जरिए सीमांत क्षेत्र के जंगलों से प्रकाष्ठ को निगम के डिपो तक पहुंचाने की व्यवस्था की है।

पिछले कुछ समय से टोंस वन प्रभाग से पुरोला और चकराता वन प्रभाग के सीमावर्ती क्षेत्र के जंगलों में कटान-चिरान कार्य हो रहा है। इससे चीड़ और अन्य प्रजाति के प्रकाष्ठ को वन विकास निगम के डिपो तक पहुंचाने के लिए ट्रकों को लगाया गया है। सीमांत त्यूणी, बंगाण व आसपास के इलाकों से कई ट्रक वन निगम की लकड़ी लेकर डिपो तक जा रहे हैं। लकड़ी से भरे ओवरलोड़ ट्रक पहाड़ में कम चौड़ाई वाले संकरे मार्ग से होकर हाईवे पर बेरोकटोक दौड़ रहे हैं। यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन कर लकड़ी से भरे इन ओवरलोड ट्रकों को देखने व रोकने वाला कोई नहीं है। गुरुवार को कोटी-कॉलोनी व लोखंडी के पास लकड़ी से भरे ओवरलोड ट्रक पहाड़ की चढ़ाई नापने में हांपते नजर आए। हालत यह देखी गई कि ट्रक के ढाले से कई फीट ऊपर तक लकड़ी भरी जा रही है, जो पीछे की ओर सरकने से सड़क पर गिर गई। गनीमत यह रही कि उस वक्त ट्रक के पीछे कोई अन्य वाहन नहीं था और बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि मार्ग पर काफी देर वाहनों का संचालन भी प्रभावित रहा। सीमांत क्षेत्र के जंगलों से सैकड़ों घन मीटर प्रकाष्ठ वन निगम के डिपो तक पहुंचाने को विभाग टेंडर निकालता है। लकड़ी ढुलान के दौरान ट्रक चालक मनमानी करते हैं और ओवरलोड वाहन लेकर मार्ग पर दौड़ते हैं। यातायात व्यवस्था बनाने को तैनात परिवहन विभाग के अधिकारी भी ट्रकों में भरी जा रही क्षमता से अधिक लकड़ी पर अंकुश नहीं लगा पा रहे। मामले में प्रभारी एआरटीओ प्रवर्तन विकासनगर एसके निरंजन ने कहा कि ओवरलोडिग के विरुद्ध परिवहन विभाग की टीम समय-समय पर चेकिग अभियान चलाती रहती है। एआरटीओ ने कहा कि लकड़ी से भरे ओवरलोड ट्रक दिन के बजाए रात में चल रहे हैं। ट्रक रात में किस मार्ग से होकर गुजरते हैं इसका पता लगाया जा रहा है। कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी