Uttarakhand Politics: भाजपा में आज शामिल हो सकते हैं कांग्रेस के एक विधायक

उत्‍तराखंड में चुनाव पास आते ही एक पाले से दूसरे पाले में जाना शुरू हो गया है। अभी कुछ दिन पहले निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने भाजपा ज्‍वाइन की थी। आज एक कांग्रेसी विधायक भाजपा में शामिल हो सकता है। इससे कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 11:43 AM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 11:43 AM (IST)
Uttarakhand Politics: भाजपा में आज शामिल हो सकते हैं कांग्रेस के एक विधायक
उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भाजपा जल्द विपक्ष कांग्रेस को बड़ा झटका दे सकती है।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भाजपा जल्द विपक्ष कांग्रेस को बड़ा झटका दे सकती है। सूत्रों के मुताबिक जिन तीन विधायकों के भाजपा नेताओं के संपर्क में होने का दावा किया जा रहा था, उनमें से एक कांग्रेस विधायक शनिवार को भाजपा का दामन थाम सकते हैं।

हाल ही में भाजपा ने टिहरी जिले की धनोल्टी सीट से निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार को अपने पाले में लाकर कांग्रेस को पहला झटका दिया था। हालांकि प्रीतम निर्दलीय विधायक हैं, मगर पिछली कांग्रेस सरकार में वह मंत्री रहे हैं। इस नाते कांग्रेस को भरोसा था कि प्रीतम आगे भी साथ बने रहेंगे। शुक्रवार को ही लैंसडौन से भाजपा विधायक दिलीप रावत ने दावा किया था कि पार्टी नेताओं के संपर्क में कांग्रेस समेत कुल तीन विधायक हैं, जिन्हें जल्द भाजपा में शामिल किया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के एक विधायक शनिवार को दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। ये विधायक गढ़वाल मंडल से बताए जा रहे हैं और इससे पहले भी विधायक रह चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि गढ़वाल मंडल के कांग्रेस समेत दो पूर्व विधायकों से भाजपा का लगातार संपर्क बना हुआ है। इसके अलावा कुमाऊं मंडल से दो युवा चेहरों पर भी भाजपा की नजर है। साफ है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस की कोशिश भी रहेगी कि वह इसी तर्ज पर भाजपा को जवाब दे। अब इसमें कांग्रेस को कितनी कामयाबी मिल पाती है, देखना दिलचस्प होगा।

----------------------------- 

अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को लेकर केंद्रीय मंत्री सिंधिया से मिले महाराज

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने दिल्ली प्रवास के दौरान शुक्रवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने के संबंध में चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्रियों के लिए डबल इंजन वाले हेलीकाप्टर की अनिवार्यता का विषय भी रखा।

महाराज के अनुसार उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके लिए एक कमेटी गठित की गई है, जिसने भूमि के लिए हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों का सर्वे किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला राज्य है और देश ही नहीं दुनिया के लोग इस पावन भूमि को देखना चाहते हैं। हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनने पर दुनियाभर से लोग योग सीखने सीधे यहां पहुंचेंगे। कई देशों से यहां पर्यटकों का आवागमन होने से रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

कैबिनेट मंत्री महाराज के अनुसार केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने उनकी बातों पर सहमति जताई। साथ ही कहा कि राज्य सरकार जल्द से जल्द अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के हरिद्वार में नागरिक उड्डयन विभाग को भूमि उपलब्ध कराए, ताकि हम इस दिशा में आगे बढ़ सकें।

यह भी पढ़ें:-Uttarakhand Politics: उत्‍तराखंड में राज्यपाल बदलने पर पूर्व मुख्‍यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा पर दागे सवाल

chat bot
आपका साथी