आखिरकार मंडी को कर दिया सील, शहर में अब वाहनों से होगी फल-सब्जी की आपूर्ति

आखिरकार मंडी को सील कर दिया गया। गुरुवार को यहां 21 कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद सरकार ने मंडी सील कर वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दे दिए।

By Edited By: Publish:Thu, 04 Jun 2020 07:59 PM (IST) Updated:Thu, 04 Jun 2020 09:41 PM (IST)
आखिरकार मंडी को कर दिया सील, शहर में अब वाहनों से होगी फल-सब्जी की आपूर्ति
आखिरकार मंडी को कर दिया सील, शहर में अब वाहनों से होगी फल-सब्जी की आपूर्ति

देहरादून, जेएनएन। आखिरकार मंडी को सील कर दिया गया। गुरुवार को यहां 21 कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद सरकार ने मंडी सील कर वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दे दिए। जिसके तहत अब मंडी के बजाय शहर में वाहनों से सब्जी पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन से बंदी के आदेश प्राप्त होने के बाद मंडी समिति ने परिसर की दुकानों और गोदामों को खाली करा दिया है। 11 जून को स्थिति की समीक्षा के बाद मंडी खोलने या बंद रखने पर फैसले लिया जाएगा।

मंडी में लगातार बढ़ रहे संक्रमण को देखते हुए मुख्यमंत्री के आदेशों के क्रम में जिला प्रशासन ने मंडी को 11 जून तक के लिए सील कर दिया है। अब मंडी समिति को शहर में फल-सब्जी की आपूर्ति को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी। मंडी अध्यक्ष राजेश शर्मा ने बताया कि मोबाइल वैन के माध्यम से शहर में फल-सब्जी पहुंचाई जाएगी। साथ ही वाहनों से ही वेंडरों को भी कम मात्रा में फल-सब्जी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा बाहर से आने वाली सब्जी को सीधे छोटे वाहनों में ही अनलोड किया जाएगा। मंडी सचिव विजय थपलियाल ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के बाद मंडी में दुकानें और गोदाम खाली करा दिए गए हैं। अब शहर में फल-सब्जी की आपूर्ति की पूर्ण जिम्मेदारी समिति की ही होगी। 

सभी आढ़ती और कर्मचारी होम क्वारंटाइन 

जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में मंडी में ए, बी, सी, डी और ई ब्लॉक को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। साथ ही मंडी के सभी आढ़ती और कर्मचारियों को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने मंडी सचिव को होम क्वारंटाइन का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी है। प्रशासन ने अपील की है कि मंडी के किसी भी व्यक्ति में सर्दी, जुखाम, बुखार आदि लक्षण पाए जाने पर 7534826066 पर संपर्क करें। 

यह भी पढ़ें: देहरादून दो दिन रहेगा पूर्ण बंद, कोरोना संक्रमित की मौत पर आश्रित को एक लाख की मदद

श्रमिकों को बांबे बाग में किया जाएगा क्वारंटाइन 

मंडी में काम करने वाले श्रमिकों के लिए बांबे बाग स्थित एसजीआरआर स्कूल में क्वारंटाइन किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। यहां उनके खाने और रहने की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मंडी के आढ़तियों और कर्मचारियों की सामुदायिक निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें: Coronavirus: मंडी पर भारी न पड़ जाए सिस्टम की बेपरवाही Dehradun News 

chat bot
आपका साथी