समाल्टा के चालदा मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में उमड़ा आस्था का सैलाब

साहिया करीब साढ़े छह दशक के लंबे इंतजार के बाद जौनसार के समाल्टा खत में चालदा मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 10:54 PM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 10:54 PM (IST)
समाल्टा के चालदा मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में उमड़ा आस्था का सैलाब
समाल्टा के चालदा मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में उमड़ा आस्था का सैलाब

संवाद सूत्र, साहिया: करीब साढ़े छह दशक के लंबे इंतजार के बाद जौनसार के समाल्टा खत में चालदा महासू देवता के प्रवास पर आने से पहले देव परपंरा का निर्वहन किया गया। इस दौरान मंदिर की परंपरागत पूजा-पाठ व्यवस्था से जुड़े कारसेवकों व पंडितों ने देवता के प्रवास को नव निर्मित मंदिर की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की। नए मंदिर के अनुष्ठान में मोहना से समाल्टा पहुंचे चालदा महासू के देव डोरिए के दर्शन को क्षेत्र से सैकड़ों लोग जुटे। बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालुओं ने देवता के आगमन की खुशी में लोक नृत्य की प्रस्तुति से चालदा महासू की स्तुति की।

जौनसार-बावर में सदियों से कुल आराध्य देव के रुप में पूजे जाने वाले महासू-चालदा देवता की समूचे इलाके में बड़ी मान्यता है। लोक मान्यता के अनुसार चालदा महासू हमेशा गतिमान रहते हैं। पिछले दो साल से चालदा महासू मोहना मंदिर में विराजमान है। इसके बाद चालदा महासू के अगले प्रवास का कार्यक्रम जौनसार के समाल्टा में निर्धारित है। इस बार चालदा महासू की देव पालकी 22 नवंबर को गाजे-बाजे के साथ मोहना मंदिर से समाल्टा खत के लिए प्रस्थान करेगी। देवता का पहला पड़ाव चकराता के ठाणा गांव में रहेगा। करीब साढ़े छह दशक के लंबे इंतजार के बाद चालदा महासू का आगमन 23 नवंबर को समाल्टा में होगा। इस तैयारी में खतवासी जोर-शोर से लगे हैं। नए मंदिर में हवन-यज्ञ होने से मोहना मंदिर से लाए गए चालदा महासू के देव डोरिए को विधि विधान से गाजे-बाजे के साथ मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया गया। गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे से मंदिर में शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान में नए मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम दोपहर बाद दो बजे तक चला। इस मौके पर शांठीबिल के बजीर दीवान सिंह राणा, सदर स्याणा अर्जुन सिंह तोमर, मंदिर समिति के अध्यक्ष सरदार सिंह तोमर, संयुक्त निदेशक सूचना कलम सिंह चौहान, एसएमआर डिग्री कालेज के चेयरमैन अनिल सिंह तोमर, भगत सिंह, केशव राम जोशी, केशर सिंह, चतर सिंह, प्रताप सिंह, अतर सिंह, रणवीर सिंह चौहान, आनंद सिंह आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी