नीलकंठ मंदिर में उमड़ी भीड़, गाइडलाइन ताक पर

जागरण संवाददाता ऋषिकेश शासन और प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा पर पूरी तरह से रोक

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 01:37 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 01:37 AM (IST)
नीलकंठ मंदिर में उमड़ी भीड़, गाइडलाइन ताक पर
नीलकंठ मंदिर में उमड़ी भीड़, गाइडलाइन ताक पर

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश:

शासन और प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। लेकिन, श्रावण मास में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु नीलकंठ मंदिर में पहुंच रहे हैं। भीड़ के बीच कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा है। इन सब हालात में स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों की चिता भी बढ़ गई है।

प्रत्येक वर्ष सावन के महीने में पौराणिक नीलकंठ महादेव के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। बीते वर्ष की तरह इस वर्ष शासन की ओर से कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी गई है। नीलकंठ मंदिर में स्थानीय श्रद्धालुओं के प्रवेश पर कोई रोक नहीं है। कितु प्रशासन की ओर से इस बात का ध्यान नहीं दिया गया है कि स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए यहां क्या-क्या व्यवस्थाएं होनी चाहिए। कहने को गाइडलाइन जारी की गई है मगर उसका पालन कराने के लिए मौके पर ना ही प्रशासन और ना ही पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था है। बीते शनिवार को गुरु पूर्णिमा के बाद रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचे। इसमें बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के अतिरिक्त स्थानीय श्रद्धालु भी शामिल थे। दर्शन को आने वाली भीड़ के बीच शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था। कई श्रद्धालुओं ने मास्क तक नहीं लगाया हुआ था। पुलिस व प्रशासन की ओर से यहां स्टाफ की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। वहीं ऊपर से लक्ष्मणझूला और स्वर्गाश्रम से लेकर नीलकंठ तक आने वाले तमाम श्रद्धालुओं की जांच की जिम्मेदारी भी पुलिस को सौंपी गई है।

सामान्य स्थिति में यहां मेला ड्यूटी लगाई जाती थी। मगर अब यात्रा पर रोक है तो ड्यूटी भी नहीं लगाई गई है। पैदल मार्ग पर ना ही पानी और ना ही बिजली की कोई व्यवस्था है। नीलकंठ से जुड़ी सभी पार्किंग में भी अव्यवस्थाओं का आलम है। ऐसी स्थिति में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ सकते हैं। लक्ष्मण झूला के थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद उनियाल ने बताया कि नीलकंठ जाने वाले सभी प्रमुख पड़ाव पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की गाइडलाइन के मुताबिक निगेटिव रिपोर्ट की जांच की जा रही है। उनका इ-पास भी देखा जा रहा है।

गाइडलाइन के उल्लंघन पर 76050 रुपया जुर्माना

लक्ष्मण झूला पुलिस ने क्षेत्र में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के साथ गाइडलाइन के पालन को लेकर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद उनियाल ने बताया कि रविवार को गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर 76050 रुपया जुर्माना वसूल किया गया। उन्होंने बताया कि हंगामा करने पर पांच व्यक्तियों का चालान कर 1250 रुपया जुर्माना वसूल किया गया। मास्क ना पहनने वाले 29 व्यक्तियों से 14500 जुर्माना वसूला गया। शारीरिक दूरी का उल्लंघन करने पर 603 व्यक्तियों का चालान कर 60300 जुर्माना वसूल किया गया।

chat bot
आपका साथी