Uttarakahnd Weather Update: चारधाम समेत ऊंची चोटियों पर सीजन का पहला हिमपात, प्रदेश में बढ़ी ठिठुरन

उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान घटने से रातें सर्द होने लगी हैं। सुबह के समय हल्की ठिठुरन भी महसूस की जा रही है। पिछले दो दिन में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। दिन के समय तेज धूप में हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 11:41 AM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 10:26 PM (IST)
Uttarakahnd Weather Update: चारधाम समेत ऊंची चोटियों पर सीजन का पहला हिमपात, प्रदेश में बढ़ी ठिठुरन
उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान घटने से रातें सर्द होने लगी हैं।

देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार देर रात चारधाम समेत ऊंची चोटियों पर सीजन का पहला हिमपात हुआ। इसी के साथ प्रदेश में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण मैदानों में सर्दी महसूस की जाने लगी है। इधर, चारधाम यात्रा सुचारू है और श्रद्धालुओं ने बर्फबारी के बीच बाबा केदार के दर्शन किए। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन मौसम साफ रहेगा, लेकिन तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।

उत्तराखंड में सर्दी ने दस्तक दे दी है। बुधवार रात को मौसम के करवट बदलने के बाद प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्का हिमपात और कहीं-कहीं बारिश हुई, जिससे मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को सुबह से ही केदारनाथ में बादल छाए हुए थे, जबकि दोपहर के समय यहां बर्फबारी शुरू हो गई। इस दौरान हल्की बौछारें भी पड़ीं। वासुकीताल व दुग्धगंगा की पहाडिय़ों पर अच्छी बर्फबारी हुई। लगभग तीन घंटे तक बर्फबारी जारी रही। 

केदारनाथ में न्यूनतम तापमान माइनस दो डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, बर्फबारी के बावजूद केदारनाथ में हवाई सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहीं। इधर, बुधवार रात को गंगोत्री, यमुनोत्री, भोजवासा, केदारकांठा, रुद्रगैरा, कालिंदी पास सहित आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। वहीं, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की चोटियों पर भी हल्का हिमपात हुआ। इसके अलावा कुमाऊं के मुनस्यारी में दो माह बाद बारिश हुई। वहीं, पंचाचूली, राजरंभा, हंसलिंग, नंदा देवी, नंदाकोट सहित अन्य चोटियों पर भी हिमपात हुआ।

देहरादून में भी सर्दी की दस्तक

उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान घटने से रातें सर्द होने लगी हैं। सुबह के समय हल्की ठिठुरन भी महसूस की जा रही है। देहरादून में पिछले दो दिन में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, जल्द ही प्रदेश में तापमान तेजी से गिरने लगेगा। साथ ही मैदानों में कोहरा और पहाड़ों में पाले का असर भी बढ़ जाएगा। देहरादून समेत तमाम मैदानी इलाकों में सुबह और शाम ठंड का एहसास होने लगा है। न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक दो से दिन के भीतर ही तापमान में और गिरावट आनी शुरू हो जाएगी, जिससे ठंड में तेजी से इजाफा होने की संभावना है।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 31.0, 14.6

मसूरी, 21.3, 11.5

टिहरी, 22.8, 11.8

उत्तरकाशी, 23.2, 12.5

हरिद्वार, 33.2, 15.4

जोशीमठ, 18.4, 10.0

अल्मोड़ा, 25.8, 12.2

मुक्तेश्वर, 20.5, 10.6

नैनीताल, 21.4, 13.0

पिथौरागढ़, 25.2, 12.0

चंपावत, 23.7, 09.1

ऊधमसिंह नगर, 32.0, 15.8

chat bot
आपका साथी