कोरोना को परास्त कर काम में जुटे महापौर गामा, कहा- सफाई कर्मियों को दी जाएंगी पीपीई किट

कोरोना को हराकर स्वस्थ होने के पहले ही दिन महापौर सुनील उनियाल गामा ने निगम के समस्त पार्षदों के साथ संवाद कर शहर और वार्डों की स्थिति की जानकारी ली। महापौर ने सभी पार्षदों से उनके क्षेत्र में संक्रमण की स्थिति और वार्ड की समस्या के बारे में जानकारी ली।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 09:48 PM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 09:48 PM (IST)
कोरोना को परास्त कर काम में जुटे महापौर गामा, कहा- सफाई कर्मियों को दी जाएंगी पीपीई किट
कोरोना को परास्त कर काम में जुटे महापौर गामा। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, देहरादून। कोरोना संक्रमण को हराकर स्वस्थ होने के पहले ही दिन महापौर सुनील उनियाल गामा ने नगर निगम के समस्त पार्षदों  के साथ संवाद कर शहर और वार्डों की स्थिति की जानकारी ली। वर्चुअल माध्यम से अपने आवास से स्थापित संवाद में महापौर ने व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक पार्षद से उनके क्षेत्र में कोरोना संक्रमण की स्थिति और वार्ड की समस्या और साफ-सफाई के बारे में जानकारी ली।

रविवार सुबह महापौर गामा के नेशविला रोड स्थित आवास से यह वर्चुअल मीटिंग दो चरणों में आयोजित हुई। इसमें वार्ड संख्या एक से वार्ड 50 तक के पार्षदों के साथ महापौर ने सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक संवाद किया, जबकि बाकी वार्ड 51 से 100 तक के पार्षदों के साथ दोपहर साढ़े 12 बजे से डेढ़ बजे तक संवाद किया गया। संवाद के दौरान महापौर ने सभी पार्षद की समस्याओं को एक-एक कर सुना और उसके निस्तारण के लिए भरोसा दिया। बैठक के बाद महापौर ने संबंधित निगम अधिकारियों को फोन कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

महापौर सुनील उनियाल गामा ने बताया कि शीघ्र ही प्रत्येक वार्ड में दो-दो हैंड मैकेनाइज्ड सैनिटाइजेशन मशीनें अतिरिक्त रूप से दी जाएंगी। इसके साथ ही नगर निगम वार्डों में फागिंग की प्रक्रिया में लगने वाले डीजल एवं अन्य आवश्यक रसायनों की अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था करेगा। इसके अलावा स्वच्छता कर्मियों को सैनिटाइजेशन के दौरान पीपीई किट भी मुहैया कराई जाएंगी। वार्ड स्तर पर वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने के लिए महापौर गामा ने बताया कि वे शीघ्र जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी से बात कर वार्ड स्तर पर वैक्सीनेशन सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे। 

इसी क्रम में महापौर ने समस्त पार्षदों को जानकारी दी कि सोमवार से बुधवार तक चौथे चरण के तहत संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र में वृहद स्तर पर सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जाएगा। कोरोना संक्रमण की वर्तमान परिस्थितियों में सैनिटाइजेशन को प्राथमिकता देते हुए महापौर ने कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा के लिए नगर निगम प्रतिबद्धता के साथ विभिन्न चरणों में सैनिटाइजेशन अभियान चलाकर शहर में संक्रमण के खतरे को कम करने का प्रयास कर रहा है।

यह भी पढ़ें- जिलाधिकारी आशीष श्रीवास्तव ने दिए निर्देश, 15 अगस्त तक पूरा किया जाए परेड ग्राउंड का काम

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी