उत्तराखंड पड़ोसी राज्यों को उपलब्ध कराएगा गंगाजल

उत्तराखंड के साथ ही उत्तर प्रदेश हरियाणा पंजाब राजस्थान व हिमाचल समेत आसपास के सभी राज्य सावन के महीने में हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के पक्ष में नहीं हैं।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Jul 2020 09:03 PM (IST) Updated:Thu, 02 Jul 2020 09:03 PM (IST)
उत्तराखंड पड़ोसी राज्यों को  उपलब्ध कराएगा गंगाजल
उत्तराखंड पड़ोसी राज्यों को उपलब्ध कराएगा गंगाजल

राज्य ब्यूरो, देहरादून

उत्तराखंड के साथ ही उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व हिमाचल समेत आसपास के सभी राज्य सावन के महीने में हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के पक्ष में नहीं हैं। प्रदेश सरकार ने सभी राज्यों को उनके श्रद्धालुओं के लिए गंगाजल ले जाने की छूट दी है। साथ में पड़ोसी राज्यों व केंद्रशासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उप राज्यपालों एवं मंत्रियों के माध्यम से उनके प्रदेशों को प्रतीकात्मक रूप में गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा।

सरकार के प्रवक्ता व काबीना मंत्री मदन कौशिक ने गुरुवार को मीडिया को बताया कि सावन में हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के आयोजन को इस साल स्थगित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उक्त यात्रा के संबंध में उत्तरप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व हिमाचल के मुख्यमंत्रियों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि सभी मुख्यमंत्रियों ने वर्तमान संकट को ध्यान में रखते हुए इस साल यात्रा स्थगित करने पर सहमति जताई है।

प्रदेश सरकार ने तय किया है कि कांवड़ यात्रा से जुड़े राज्य ट्रक या ट्रेन या अन्य माध्यमों से गंगाजल ले जाना चाहेंगे तो उन्हें सहयोग दिया जाएगा। प्रतीकात्मक रूप से गंगाजल उत्तराखंड सरकार की ओर से उक्त राज्यों को भेजा जाएगा। गंगाजल के लिए हरिद्वार आने वाले अन्य राज्यों के श्रद्धालुओं को उनके समीप के प्रमुख मंदिरों में गंगाजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। प्रदेश सरकार पीतल के बड़े कलशों में हर की पैड़ी से गंगा जल भरकर संबंधित प्रदेशों को उपलब्ध कराएगी।

chat bot
आपका साथी