जाम ने करा दी शहरवासियों की 'पदयात्रा', पढ़िए पूरी खबर Dehradun News

पुलिस के ट्रैफिक प्लान से कांग्रेस की पदयात्रा तो बिना किसी अड़चन के संपन्न हो गई। लेकिन जाम से परेशान शहरवासी मजबूरी में पदयात्रा करने को विवश हुए।

By Raksha PanthariEdited By: Publish:Sun, 29 Dec 2019 04:06 PM (IST) Updated:Sun, 29 Dec 2019 04:06 PM (IST)
जाम ने करा दी शहरवासियों की 'पदयात्रा', पढ़िए पूरी खबर  Dehradun News
जाम ने करा दी शहरवासियों की 'पदयात्रा', पढ़िए पूरी खबर Dehradun News

देहरादून, जेएनएन। यातायात पुलिस के ट्रैफिक प्लान से कांग्रेस की पदयात्रा तो बिना किसी अड़चन के संपन्न हो गई। लेकिन, जाम से परेशान शहरवासी मजबूरी में 'पदयात्रा' करने को विवश हुए। दरअसल, रूट डायवर्ट होने से राजपुर रोड, चकराता रोड, ईसी रोड पर कई जगह ट्रैफिक रेंगता रहा। वहीं, विक्रम और सिटी बसों के रूट डायवर्ट होने से लोगों को कई किमी पैदल चलना पड़ा। 

कांग्रेस की पदयात्रा के रूट को देखते हुए पुलिस ने शुक्रवार को ही शनिवार के लिए ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया था। रूट प्लान में विक्रम और सिटी बसों को कार्यक्रम के रूट से दूर रखा गया था ताकि सड़क पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके। इसके चलते शनिवार को प्रिंस चौक से घंटाघर और घंटाघर से दिलाराम चौक तक तो स्थिति सामान्य रही। लेकिन, जिन मार्गों पर रूट डायवर्ट किया गया था, वहां ट्रैफिक दिनभर रेंगकर चला। जाम से बचने के लिए लोगों ने वैकल्पिक मार्गों का सहारा लिया। इससे वैकल्पिक मार्ग भी कुछ ही देर में चोक हो गए। जिसका असर मुख्य मार्गों पर भी पड़ा। 

 

ट्रैफिक संचालन में लगी सीपीयू 

कांग्रेस की पदयात्रा के दौरान बुद्धा चौक, करनपुर चौक, दिलाराम चौक समेत कई स्थानों पर फोर्स के साथ सिटी पेट्रोल यूनिट की भी तैनाती की गई थी। सीपीयू कर्मियों की जिम्मेदारी केवल ट्रैफिक को निर्बाध बनाए रखना था।

यह भी पढ़ें: मांगों को लेकर एससी-एसटी इंप्लाइज फैडरेशन ने दिया सांकेतिक धरना

पलटन बाजार में नहीं जाने दिए दोपहिया वाहन 

रेलवे स्टेशन के सामने से पलटन बाजार की ओर दो पहिया वाहनों के साथ सामान ढोने वाले अन्य वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। इसके लिए रेलवे स्टेशन के सामने, द्रोण कट के पास राजा रोड पर पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती की गई थी। 

यह भी पढ़ें: स्मार्ट सिटी के तहत पलटन बाजार में दुपहिया बंदी पर उखड़े व्यापारी Dehradun News

शाम को पर्यटकों ने पटरी से उतारा ट्रैफिक 

दोपहर में कांग्रेस की पदयात्रा ने शहर का ट्रैफिक अटकाए रखा। इसके बाद पर्यटकों के वाहनों की संख्या बढऩे से लोग देर रात तक जाम से जूझते रहे। घंटाघर से राजपुर रोड की ओर तो ट्रैफिक रेंगकर चला। शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनती रही। वीकेंड होने के साथ ही थर्टी फस्र्ट का जश्न मनाने के लिए स्थानीय और बाहरी राज्यों के पर्यटक मसूरी-धनोल्टी पहुंच रहे हैं। इससे दून की सड़कों पर एकाएक दबाव बढ़ गया है। शहरवासियों के साथ ही पर्यटकों को भी दून से गुजरने के दौरान जाम से जूझना पड़ रहा है। नए साल तक यही हालात रहने की संभावना है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जाम से निपटने के लिए योजना तैयार कर ली गई है। 

यह भी पढ़ें: सुविधाएं खत्म करने के विरोध में विद्युत अधिकारियों और कर्मचारियों ने खोला मोर्चा

chat bot
आपका साथी