आइएएस अधिकारियों में फेरबदल जल्द

प्रदेश में जल्द ही आइएएस अधिकारियों के तबादले हो सकते हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 13 Jul 2020 10:04 PM (IST) Updated:Mon, 13 Jul 2020 10:04 PM (IST)
आइएएस अधिकारियों में फेरबदल जल्द
आइएएस अधिकारियों में फेरबदल जल्द

राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश में जल्द ही आइएएस अधिकारियों के तबादले हो सकते हैं। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की सेवानिवृत्ति का समय नजदीक देखते हुए यह फेरबदल तय माना जा रहा है। इसके साथ ही विभागों के बोझ से लदे कुछ आइएएस को भी हल्का किया जा सकता है।

प्रदेश सरकार इस समय आइएएस अधिकारियों को बीते कुछ समय से लगातार नई जिम्मेदारियां दे रही है। अब एक बार फिर इनमें बदलाव की संभावना बलवती हो गई है। कारण मुख्य सचिव उत्पल कुमार की सेवानिवृत्ति का समय नजदीक आना। मुख्य सचिव इसी माह 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद पांच अधिकारी इस पद के दावेदार हैं। इनमें दो अधिकारी केंद्र में और तीन अधिकारी उत्तराखंड में तैनात हैं। केंद्र में प्रतिनियुक्ति में तैनात अधिकारियों के वापस आने की संभावना काफी कम है। ऐसे में उत्तराखंड में तैनात तीन अपर मुख्य सचिव यानी ओमप्रकाश, राधा रतूड़ी और मनीषा पंवार में से ही कोई एक इस पर पर बैठ सकता है। इस समय ये तीनों ही अधिकारी कई अहम पदों को देखे रहे हैं। इनमें से किसी के भी मुख्य सचिव बनने पर इनके पद दूसरे अधिकारियों को दिए जाएंगे। अभी शासन में कई अधिकारी ऐसे हैं जिनके पास कई अहम पद हैं तो वहीं कुछ बेहद सीमित दायित्व संभाल रहे हैं। माना जा रहा है कि सरकार अगले एक पखवाड़े के भीतर शासन में फेरबदल कर देगी।

chat bot
आपका साथी