नशे की लत में पति ने बेच डाला घर का सामान, बच्चों के सामने खाने का संकट देख महिला गंगनहर में कूदी

बच्चों के सामने भूख से मरने की नौबत आ गई। इससे तंग आकर महिला गंगनहर में कूद गई। हालांकि कुछ युवकों ने उसे किसी तरह से बचा लिया। मामला पुलिस तक पहुंचा जिसके बाद पुलिस ने शख्स को फटकार लगाई और सुधर जाने की हिदायत दी।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 06:33 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 06:33 PM (IST)
नशे की लत में पति ने बेच डाला घर का सामान, बच्चों के सामने खाने का संकट देख महिला गंगनहर में कूदी
परेशान होकर महिला ने गंगनहर में लगाई छलांग।

जागरण संवाददाता, रुड़की। पति ने नशे की लत पूरी करने के लिए घर का सामान बेचना शुरू कर दिया। आलम ये रहा कि कुछ ही दिन में महिला और बच्चों के सामने भूख से मरने की नौबत आ गई। इससे तंग आकर महिला गंगनहर में कूद गई। हालांकि, कुछ युवकों ने उसे किसी तरह से बचा लिया। मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने शख्स को फटकार लगाई और सुधर जाने की हिदायत दी है।

दरअसल, मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लंढौरा निवासी महिला की करीब 16 साल पहले शादी हुई थी। महिला के तीन बच्चे हैं। महिला का पति मजदूरी करता है। पिछले कुछ समय से उसने नशा करना शुरू कर दिया था। नशे की लत पूरी करने के लिए पति ने घर का सामान बेचना शुरू किया। आलम यह हो गया कि पित ने घर में रखा अनाज भी बेच दिया।

महिला ने अपनी बहन से बच्चों के खाने के लिए अनाज लिया, लेकिन पति ने उसे भी बेच दिया। इससे बच्चों के भूखा मरने की नौबत आ गई। इस बात से परेशान होकर शुक्रवार की सुबह महिला रुड़की नगर निगम पुल पर पहुंची। महिला ने नगर निगम पुल से गंगनहर में छलांग लगा दी। महिला को गंगनहर में कूदते आसपास के युवक भी उसे बचाने के लिए उसके पीछे पीछे गंगनहर में कूद गये। युवकों ने महिला को किसी तरह से सकुशल बाहर निकाला।

इसके बाद पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस महिला को अपने साथ कोतवाली ले आई। महिला ने पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने महिला के पति को कोतवाली बुलाया और कड़ी फटकार लगाई। पति ने अब पत्नी को तंग नहीं करने और नशे की लत छोड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही मामला निपट सका।

यह भी पढ़ें- देहरादून के गांधी ग्राम में मिटाई गई भाजपा की ओर से की गई पेंटिंग, नौ के खिलाफ मुकदमा दर्ज

chat bot
आपका साथी