उम्मीदें 2021: नई ऊर्जा के साथ नए साल का स्वागत करेगा दून नगर निगम, जानिए क्या है भविष्य की तैयारी

Happy New Year 2021 साल 2020 बीत गया और 2021 का आज से आगाज हो रहा। गुजरे एक वर्ष में निगम ने विकास का जो सपना संजोया था वह भले शत प्रतिशत पूरा नहीं हो पाया हो मगर नगर निगम अपनी योजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारी कर रहा।

By Raksha PanthariEdited By: Publish:Fri, 01 Jan 2021 09:22 AM (IST) Updated:Fri, 01 Jan 2021 09:22 AM (IST)
उम्मीदें 2021: नई ऊर्जा के साथ नए साल का स्वागत करेगा दून नगर निगम, जानिए क्या है भविष्य की तैयारी
गांधी पार्क में सौंदर्यीकरण के तहत नगर निगम की ओर से लगाया गया म्यूजिकल फाउंटेन। जागरण

अंकुर अग्रवाल, देहरादून। Happy New Year 2021 साल 2020 बीत गया और 2021 का आज से आगाज हो रहा। गुजरे एक वर्ष में दून नगर निगम ने विकास का जो सपना संजोया था, वह भले शत प्रतिशत पूरा नहीं हो पाया हो मगर नगर निगम 2021 में दृढ़ निश्चय कर अपनी योजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारी कर रहा। कोरोना का साया निगम के विकास कार्यों पर हावी रहा और छह महीने तक सभी कार्यों पर जैसे ब्रेक लगा रहा, पर जिस हौसले के साथ नगर निगम परिवार ने खुद की परवाह किए बगैर कोरोना संकट में शहरवासियों के स्वास्थ्य का ख्याल रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी, उसे भुलाया नहीं जा सकता। महापौर सुनील उनियाल गामा, नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय समेत नगर निगम के समस्त पार्षदगण, अधिकारी और कर्मचारी रात-दिन सड़कों पर उतरे रहे और शहर के सैनिटाइजेशन से लेकर सड़कों को स्वच्छ रखने का बीड़ा उठाये रखा। वास्तव में अगर आज दून शहर ने कोरोना को मात देने का जो साहस दिखाया है, उसमें निगम का बड़ा योगदान है। 

अब नगर निगम नए साल पर न केवल स्वच्छता और विकास कार्यों बल्कि रोजगार पर भी फोकस कर रहा है। दरअसल, गुजरे वर्ष बड़ी संख्या में प्रवासी बाहरी देशों और राज्यों से अपने घर लौट आए। कोरोनाकाल में इनका रोजी-रोटी का संकट देखकर नगर निगम ने फैसला किया कि वह अपने शहर के लोगों के लिए अब रोजगार के मौके भी तलाशेगा। इसके लिए महापौर गामा व नगर आयुक्त पांडेय ने एक या दो नहीं बल्कि पूरे तीन साल का खाका खींचा है। निगम दस वेडिंग प्वाइंट और 21 नए स्मार्ट वेंडिंग जोन जैसी योजनाओं को धरातल पर लाकर दस हजार युवाओं को रोजगार देगा। रोजगार में हर श्रेणी व वर्ग का ख्याल रखते हुए राज्य आंदोलनकारियों और दिव्यांगों के लिए अलग से आरक्षण भी तय किया जाएगा। इतना ही नहीं, निगम अपनी खाली जमीनों पर पर्यटन के लिहाज से एडवेंटर पार्क, होम-स्टे और होटल जैसी परियोजनाओं का पीपीपी मोड में निर्माण कराएगा। 

इनसे स्थानीय युवाओं को रोजगार मुहैया कराया जाएगा। महापौर ने बताया कि कोरोना के चलते नगर निगम की पूर्व में स्वीकृत योजनाओं का काम बंद पड़ गया था, लेकिन अनलॉक के तहत इन योजनाओं पर अब तेजी से काम कराया जा रहा। इसी के तहत शहर में 21 नए स्थानों पर स्मार्ट वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। पिछले साल जोगीवाला ङ्क्षरग रोड पर निगम ने स्मार्ट वेंडिंग जोन बनाया था। जिसके सकारात्मक परिणाम रहे। स्मार्ट जोन में स्मार्ट ठेलियों के साथ सुव्यवस्थित स्थान होगा। महापौर के मुताबिक हर वेंडिंग जोन में कम से कम सौ से दो सौ लोगों को रोजगार मिलेगा। 

यहां बनेंगे स्मार्ट वेंडिंग जोन

एलआइसी मंडी नेहरू कालोनी, लालपुल सब्जी मंडी पटेलनगर, सीमद्वार सब्जी मंडी, इंदिरानगर सब्जी मंडी, डीबीएस कालेज के पीछे करनपुर मंडी, चंद्रबनी घुत्तूवाला चौक मंडी, गांधी पार्क एस्लेहॉल केवल शाम को स्ट्रीट फूड जोन, वार्ड-18 इंदिरा कालोनी में नव विहार कालोनी, तपोवन रोड मंडी, तहसील चौक के पास कोतवाली के पीछे मंडी, धर्मपुर सब्जी मंडी (नगर निगम की दुकानों के पीछे), मोहकमपुर आरओबी के नीचे सब्जी मंडी, एमडीडीए कालोनी डालनवाला (नगर निगम पार्क के पास), लक्खीबाग चौराहा मंडी, इंद्रेश रोड मंडी, जाखन दून विहार मंडी, बंजारावाला मंडी, मोथरोवाला मंडी और आरकेडिया मंडी। 

पीपीपी मोड पर बनेंगे वेडिंग प्वाइंट

नगर निगम अपनी भूमि पर मध्यम एवं निम्न वर्ग के परिवारों के लिए वेंडिंग जोन बनाने जा रहा। यह पीपीपी मोड पर बनेंगे और समारोह का किराया भी निगम ही तय करेगा। इसके लिए दस स्थानों को चयनित किया गया है। जिनमें पंचायती भवन डांडा लखौंड, पंचायती भवन खुदानेवाला, मिलन केंद्र बारातघर हरबंशवाला, पंचायती भवन तरला नागल, पंचायती भवन बंजारावाला, बारातघर हरभजवाला, बारातघर आमवाला तरला, मिलन केंद्र मालसी, नई बस्ती के पास मोथरोवाला और सामुदायिक बारातघर ननूरखेड़ा शामिल हैं। इसके लिए सरकार से अनुमति मांगी गई है। 

नए वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान होगा शुरू

नगर निगम में दो साल पहले शामिल किए गए 72 गांवों में इसी माह से सफाई को लेकर डोर-टू-डोर कूड़ा उठान शुरू कराया जाएगा। नए वार्ड 31 हैं। मोहल्ला स्वच्छता समितियां इनमें काम कर रही हैं, मगर घरों से कूड़ा उठान की व्यवस्था अभी शुरू नहीं हो पाई थी। 

फूड वैन को मिलेगा लाइसेंस

शहर में जगह-जगह अवैध रूप से लगने वाली फूड वैन को नगर निगम लाइसेंस देने की तैयारी कर रहा है। दरअसल, इसे लेकर लंबे समय से फूड वैन संचालक महापौर से मांग कर रहे थे। उनका आरोप था कि नगर निगम व पुलिस उन्हें परेशान करते हैं। ऐसे में निगम की आगामी बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव लाकर फूड वैन को अधिकृत करने की तैयारी चल रही। 

नगर निगम की उपलब्धियां 

-घंटाघर व गांधी पार्क का सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कराया, जो पिछले 12 साल से लंबित था। 

-शहर के पुराने साठ वार्डों में लगाई जा चुकी हैं 52 हजार नईं एलईडी स्ट्रीट लाइटें। इन पर 70 लाख रुपये की कीमत से टाइमर व स्विच लगाए जा रहे। 

-स्वच्छ भारत अभियान के तहत रैकिंग में दून नगर निगम ने 260 अंकों की छलांग लगाई। 

-स्ट्रीट लाइटों के लिए नगर निगम ने शहर में अपने 3000 नए खंभे लगाए। 

-पलटन बाजार व अन्य बाजार में निगम ने अतिक्रमण पर लगाया अंकुश। 

-आरकेडिया गांव में 40 साल से सड़क पर फैला अंधेरा किया दूर। 

भविष्य की तैयारी

-नए वार्डों में 65 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइटों का काम चल रहा है। एक साल में पूरा शहर दूधिया रोशनी से जगमग होगा। 

-वर्ष 2016 के सर्वे में शहर में 2700 ठेली वाले चिह्नित हुए थे। अब 100 वार्ड में दोबारा सर्वे कराया जाएगा। चिह्नीकरण के बाद इन्हें प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। 

-स्मार्ट वेंडिंग जोन बनने के बाद शहर में नहीं चलेंगी ठेलियां। स्थानीय आधार कार्ड पर ही मिलेंगे वेंडिंग जोन में लाइसेंस। 

-नए वार्डों में बीओटी मोड पर स्मार्ट बस शेल्टर बनाए जाएंगे। 

-हर वार्ड में आंचल दूध का एक काउंटर लगेगा। निगम को मिलेगा किराया। 

-इस वर्ष हाउस टैक्स कम मिलने के कारण वार्डों में टैक्स वसूली के लिए जल्द शुरू होगा अभियान। 

-बल्लूपुर फ्लाइओवर से आइएमए तक लगेंगी स्पेशल एलईडी स्ट्रीट लाइटें। 

यह भी पढ़ें-  31 जनवरी के बाद देहरादून से हरिद्वार के बीच सफर होगा सुगम

chat bot
आपका साथी