जल संस्थान को हैंडओवर की जाए त्यूणी की पेयजल लाइन
चकराता व्यापार मंडल व स्थानीय निवासियों ने नया बाजार त्यूणी की पेयजल लाइन उत्तराखंड जल संस्थान को हैंड ओवर करने की मांग की। ख्
संवाद सूत्र, चकराता: व्यापार मंडल व स्थानीय निवासियों ने नया बाजार त्यूणी की पेयजल लाइन उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम से हटाकर पूर्व की भांति उत्तराखंड जल संस्थान को हैंडओवर करने की मांग की। व्यापार मंडल ने कहा कि जब से पेयजल लाइन जल जीवन मिशन के तहत पेयजल निगम को सुपुर्द की गई तब से हजारों की आबादी पीने के पानी को तरस रही है। निगम अधिकारी कई बार शिकायत करने के बावजूद पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं करा पाए। पेयजल समस्या से जूझ रहे लोग टोंस का दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।
सीमांत रायगी पंचायत से जुड़े नया बाजार त्यूणी और बस्ती क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट बना है। यहां सैकड़ों ग्रामीण परिवार और व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं। करीब तीन हजार की आबादी वाले नया बाजार त्यूणी के गुतियाखाटल व गोरखा बस्ती में इससे पूर्व पेयजल आपूर्ति का जिम्मा उत्तराखंड जलसंस्थान के पास था। इस बार जल जीवन मिशन के तहत पेयजल लाइन जल संस्थान से हटाकर पेयजल निगम के पास चली गई। स्थानीय ग्रामीणों की माने तो जल संस्थान से पेयजल निगम के पास गई त्यूणी बाजार की लाइन से आपूर्ति प्रभावित है। व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीर रावत, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष बाबी चौहान, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मी क्षेत्री व होटल संचालक रमेश चौहान ने कहा कि पेयजल निगम बाजार व बस्ती क्षेत्र में आपूर्ति सुचारू नहीं कर पा रहा है। पेयजल समस्या के चलते लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा पूर्व में नया बाजार त्यूणी और बस्ती क्षेत्र की पेयजल लाइन जल संस्थान के पास होने से आपूर्ति सुचारू रही, लेकिन जब से निगम शाखा के पास गई है तब से लोग पेयजल को तरस रहे हैं। व्यापार मंडल ने एसडीएम चकराता से भी मामले की शिकायत की है। व्यापार मंडल ने कहा अगर पूर्व की भांति बाजार की लाइन को निगम से हटाकर जल संस्थान के सुपुर्द नहीं किया गया तो वह आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।