शपथ पत्र के आधार पर जारी हो श्रमिकों को कार्ड: नेगी

विकासनगर जनसंघर्ष मोर्चा अध्यक्ष और जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने शपथ पत्र के आधार पर श्रमिकों को कार्ड देने की मांग की है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 07:40 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 07:40 PM (IST)
शपथ पत्र के आधार पर जारी हो श्रमिकों को कार्ड: नेगी
शपथ पत्र के आधार पर जारी हो श्रमिकों को कार्ड: नेगी

जागरण संवाददाता, विकासनगर: जनसंघर्ष मोर्चा अध्यक्ष व जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने सरकार से मांग की कि कार्य प्रमाण पत्र की बाध्यता हटाकर शपथ पत्र के आधार पर श्रमिक कार्ड जारी होने चाहिए। उन्होंने कहा कि, कार्य प्रमाण पत्र की बाध्यता के चलते श्रमिकों का आर्थिक शोषण हो रहा है।

शुक्रवार को पत्रकार वार्ता के दौरान मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि श्रम विभाग (कर्मकार कल्याण बोर्ड) की गाइड लाइन के अनुसार कार्ड बनवाने के लिए श्रमिकों को किसी पंजीकृत ठेकेदार की ओर से प्रदत्त कार्य प्रमाण पत्र लेना होता है। इसके आधार पर ही श्रमिक कार्ड जारी हो सकता है। इस अव्यवस्था के चलते गरीब श्रमिकों को कार्य, अनुभव प्रमाण पत्र हासिल करने के लिए लगभग डेढ़ से दो हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं। वहीं, कई-कई दिन ठेकेदार के चक्कर लगाने पड़ते हैं, तब जाकर प्रमाण पत्र विभागीय औपचारिकता पूर्ण करने के लिए मिल पाता है। कई श्रमिक कार्य प्रमाण पत्र के अभाव में अपना पंजीकरण नहीं करा पा रहे हैं। इस कारण इनको विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मोर्चा अध्यक्ष नेगी ने कहा कि विभाग की ओर से मात्र शपथ पत्र के आधार पर पंजीकरण तो कर लिया जाता है, लेकिन जब श्रमिक कार्ड लेने के लिए विभाग से आग्रह करता है तो, उस समय कार्य, अनुभव प्रमाण पत्र की मांग की जाती है। श्रमिक अपनी दिहाड़ी मजदूरी छोड़कर इस चक्कर में दौड़ लगाता है। अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि मोर्चा शीघ्र ही श्रमिकों के हितों को लेकर कार्य प्रमाण पत्र की बाध्यता समाप्त कराने को लेकर शासन में दस्तक देगा। इस मौके पर विजय राम शर्मा व सुशील भारद्वाज आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी