खोदरी पावर हाउस के इंटेक से मिला सड़ा गला शव

कालसी हड़ताल के कारण सीधे पास किए जा रहे टोंस नदी के पानी के चलते खोदरी जल विद्युत उत्पादन केंद्र के इंटेक से एक सड़ा गला शव बरामद किया गया है। माना जा रहा है यह शव 17 जुलाई को छिबरौ जल विद्युत उत्पादन केंद्र के टनल में पेंट करते समय लापता श्रमिकों में किसी एक का है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 08:02 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 08:02 PM (IST)
खोदरी पावर हाउस के इंटेक से मिला सड़ा गला शव
खोदरी पावर हाउस के इंटेक से मिला सड़ा गला शव

संवाद सूत्र, कालसी: हड़ताल के कारण सीधे पास किए जा रहे टोंस नदी के पानी के चलते खोदरी जल विद्युत उत्पादन केंद्र के इंटेक से एक सड़ा गला शव बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को छिबरौ पावर हाउस में पेंट कार्य करते समय लापता दो श्रमिकों में से किसी एक का होने की आशंका जताई है। हालांकि कुछ समय पहले कालसी थाने की पुलिस ने इंटेक से मिले मानव अंगों को दोनों लापता श्रमिकों का मानते हुए शांतिधाम में अंतिम संस्कार कराया था। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने शव किसका है, इसका पता डीएनए से लगाने की बात कही है।

17 जुलाई को थेपाराम पुत्र शोभाराम व सीताराम निवासी ग्राम सराडी कालसी व सीताराम पुत्र जिणीया निवासी ग्राम कलेथा थाना पुरोवाला जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश हरिपुर-कोटी-मीनस मार्ग पर स्थित छिबरौ जल विद्युत उत्पादन केंद्र में टनल में पेंट करने गए थे। पेंट की गंध से दम घुटने पर सराड़ी निवासी सीताराम बाहर आकर अपने घर चला गया था, जबकि दो श्रमिक थेपाराम सराड़ी व सीताराम हिमाचल पेंट करते वक्त टनल के अंदर लापता हो गए थे। कालसी थानाध्यक्ष रितुराज सिंह के नेतृत्व में कालसी थाने की पुलिस और एसडीआरएफ ने पहले छिबरौ पावर हाउस क्षेत्र में सर्च आपरेशन चलाया। उसके बाद खोदरी पावर हाउस में सर्च अभियान के दौरान इंटेक से मानव शरीर के कुछ क्षतविक्षत हिस्से और बाल मिलने पर उन्हें डीएनए मिलान के लिए सुरक्षित रख लिया गया था। खोदरी पावर हाउस का पानी डाकपत्थर बैराज में जाने को देखते हुए टीम ने डाकपत्थर बैराज झील में भी सर्च आपरेशन जारी रखा। खोदरी पावर हाउस के इंटेक में मिले मानव अंगों को लापता दोनों श्रमिकों के मानते हुए डीएनए के लिए सैंपल रखकर बाकी मानव अंगों का स्वजन की मौजूदगी में शांति धाम विकासनगर में एक ही चिता में अंतिम संस्कार कर दिया गया था। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते छिबरौ, खोदरी पावर हाउसों में बिजली उत्पादन ठप रहने से टोंस का पानी सीधे डाकपत्थर बैराज में भेजा जा रहा था। इसी दौरान इंटेक में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष के अनुसार शव के सड़ी गली हालत में होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी वीडी उनियाल के अनुसार शव लापता श्रमिकों में से किसी एक का हो सकता है। डीएनए मिलान से इसका पता लगाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी