अनाथ बच्चों की मदद को तेजस्वनी ने बढ़ाया हाथ

विकासनगर ग्राम कुंजाग्रांट के अनाथ चार बच्चों की सुध लेने पहुंचे तेजस्वनी ट्रस्ट के सदस्यों ने उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 09:22 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 09:22 PM (IST)
अनाथ बच्चों की मदद को तेजस्वनी ने बढ़ाया हाथ
अनाथ बच्चों की मदद को तेजस्वनी ने बढ़ाया हाथ

संवाद सहयोगी, विकासनगर: ग्राम कुंजाग्रांट के अनाथ चार बच्चों की सुध लेने पहुंचे तेजस्वनी ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है। संस्था सदस्यों ने कहा कि बच्चों के लालन-पालन से लेकर उनकी शिक्षा तक के सभी खर्च वह अपने स्तर से उठाएंगे। उन्होंने बच्चों के रहने के स्थान को ठीक कराने और उसमें बिजली-पानी उपलब्ध कराने की बात भी कही।

ग्राम कुंजाग्रांट निवासी गुलबहार की तीन माह पहले हुई मौत के बाद उसके चार बच्चे, पुत्री तमन्ना 12 वर्ष, पुत्र गुलशेर 11 वर्ष, गुलिस्तां 7 वर्ष और गुलजहां 4 वर्ष अनाथ हो गए थे। बताते चलें तीन वर्ष पहले गुलबहार की पत्नी का भी निधन हो गया था। पिता की मृत्यु के बाद अनाथ हुए बच्चों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। अनाथ बच्चों की खबर प्रकाशित होने के बाद सामाजिक संस्था तेजस्वनी ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कुंजाग्रांट पहुंचकर बच्चों का हाल जाना। उन्होंने बच्चों के लिए घर के नाम पर सिर्फ एक झोंपड़ी होने और घर में जरूरत के सामान आदि की कमी पर चिता जताई। ट्रस्ट की हेड प्रिया गुलाटी ने कहा कि बच्चों की हर एक जरूरत को तेजस्वनी की ओर से पूरा किया जाएगा। उन्होंने झोपड़ी की स्थिति को देखते हुए सबसे पहले बच्चों के लिए छत और बिजली पानी की व्यवस्था कराने की बात कही। वहीं संस्था की विकासनगर सेक्टर हेड रूपा शर्मा ने कहा कि बच्चों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए पूरी जिम्मेदारी उठाई जाएगी। इस दौरान संस्था की देहरादून सेक्टर हेड त्रिशला मलिक, पूर्व ग्राम प्रधान मोहम्मद आरिफ आदि उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी