बैंगलुरू के अदरक ने गिराए जौनसार की उपज के दाम

चकराता/साहिया कृषि उत्पादन मंडी समिति चकराता के नव नियुक्त अध्यक्ष जगमोहन सिंह चौहान ने साहिया स्थित मंडी परिसर का निरीक्षण किया और किसानों की समस्या सुनी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 03:20 AM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 03:20 AM (IST)
बैंगलुरू के अदरक ने गिराए जौनसार की उपज के दाम
बैंगलुरू के अदरक ने गिराए जौनसार की उपज के दाम

संवाद सूत्र, चकराता/साहिया: कृषि उत्पादन मंडी समिति चकराता के नव नियुक्त अध्यक्ष जगमोहन सिंह चौहान ने साहिया स्थित मंडी परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों और आढ़तियों के साथ वार्ता की और उनकी समस्या जानी। किसानों ने इस बार अदरक के भाव में आई गिरावट की समस्या बताई। उन्होंने कहा कि बैंगलुरू का अदरक अधिक मात्रा में देश की मंडियों में आ रहा है, जिसका दाम भी कम है, इसलिए जौनसार के अदरक की डिमांड कम होने से सही भाव भी नहीं मिल पा रहा है।

किसानों ने कहा कि उन्होंने 80 से 100 रुपये किलो अदरक का बीज खरीदा था, लेकिन उन्हें अदरक के भाव मंडी में 18 से 20 रुपये किलो मिल रहे हैं। इससे उनकी मेहनत भी वसूल नहीं हो रही है। मंडी चेयरमैन जगमोहन चौहान ने कहा कि क्षेत्र के किसानों को अदरक की खेती में घाटा हो रहा है, क्योंकि अदरक की खेती अन्य प्रदेशों में भी होने लगी है। साहिया का अदरक पंजाब और हरियाणा जा रहा है, इस वजह से भी अदरक का दाम स्थानीय व्यापारियों को बहुत कम मिल रहा है। मंडी अध्यक्ष ने व्यापारियों की सलाह पर आने वाले समय में टमाटर, मटर, मूली, पत्ता गोभी, फूलगोभी और हरा धनिया आदि की सब्जियों का अधिक से अधिक उत्पादन करने के लिए काश्तकारों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार पहाड़ी आलू और गागली जैसी अन्य सब्जी का भी उत्पादन बढ़ाने की आवश्यकता है। इससे क्षेत्र के काश्तकारों को अधिक से अधिक दाम मिल सकेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति भी सुधरेगी। उन्होंने कहा कि नकदी फसल की खेती किसान 12 महीने कर सकता है। टमाटर, भिडी, करेला, बीन, शिमला मिर्च आदि की खेती कर लाभ कमाया जा सकता है। वार्ता के दौरान एक समस्या यह भी आयी कि साहिया मंडी भवन को किसी एनजीओ को किराये पर दिया गया है, जिसका एक साल से किराया नहीं आया है। इससे पूर्व मंडी कार्यालय में स्थानीय व्यापारियों ने मंडी समिति अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सुशील कुमार, सुरजीत सिंह, लवली, मनोज पंवार, राजीव गर्ग, अश्वनी गर्ग, अनुज कुमार गर्ग, राजेश जैन, मनोज गुप्ता, नरेश कुमार, विशाल जैन, निखिल अग्रवाल, सुभाष, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शूरवीर सिंह तोमर, मंडी सचिव राजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी