चोरी की चार घटनाओं का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार

नेहरू कालोनी रायपुर व कैंट कोतवाली पुलिस ने घर व दुकानों में चोरी की चार घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 08:26 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 08:26 PM (IST)
चोरी की चार घटनाओं का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार
चोरी की चार घटनाओं का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, देहरादून: नेहरू कालोनी, रायपुर व कैंट कोतवाली पुलिस ने घर व दुकानों में चोरी की चार घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।

नेहरू कालोनी के इंस्पेक्टर सतबीर बिष्ट ने बताया कि बीते शनिवार को तेजराम सेमवाल ने तहरीर दी थी कि उनके निर्माणाधीन मकान में कुछ श्रमिक काम कर रहे हैं। शाम के समय उनकी बहु श्रमिकों को चाय पिलाने के लिए गई, इस दौरान घर पर कोई नहीं था। इसी बीच घर से कुछ सोने व चांदी के गहने चोरी हो गए। शिकायतकत्र्ता ने एक श्रमिक शाहदाब पर शक जताया। पुलिस ने रविवार को आरोपित शाहदाब निवासी नई बस्ती मोथरोवाला को नेहरू कालोनी से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सोने की पांच अंगूठी, सोने के दो कंगन, दो टाप्स, चार जोड़ी चांदी की पायल, तीन कंगन, एक रिग और एक मंगलसूत्र बरामद किया है।

उधर, रायपुर थाना पुलिस ने दुकान से लोहे का सामान चोरी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एसओ अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि 23 अक्टूबर को मुकेश डंगवाल निवासी बालावाला ने तहरीर दी कि उनकी बालावाला स्थित आरएस इंटरप्राइजेज नाम से दुकान है। अज्ञात व्यक्ति ने दुकान से सामान चोरी कर लिया। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज जांचने के बाद रविवार को कलीम निवासी नई बस्ती, डालनवाला व मुनाजिर निवासी किशन नगर कैंट को रायपुर से गिरफ्तार किया गया। उनसे लोहे के हेंडल, नट बोल्ट व अन्य सामान बरामद किया है।

वहीं कैंट कोतवाली पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर एश्वर्यापाल ने बताया कि 16 अक्टूबर को सूरज थापा निवासी गजियावाला ने शिकायत दर्ज करवाई कि 15 अक्टूबर को वह परिवार के साथ अपने रिश्तेदार के घर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने घर से सामान चोरी कर लिया। वहीं 21 अक्टूबर को नितिन मंडरियाल निवासी दयानगरी जैंतनवाला कैंट ने तहरीर दी कि 14 अक्टूबर को चोरों ने बंद घर के ताले तोड़कर सोने के गहने व अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने दोनों घटनाओं में शामिल आरोपित काला निवासी छबीलबाग, गोलू निवासी केशव बस्ती डोईवाला और ऋतिक निवासी छबीलबाग को शनिवार रात क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से सोने का मंगलसूत्र, हार, टाप्स, कान की बाली, अंगूठी, कैमरा व अन्य सामान बरामद किया है।

chat bot
आपका साथी