पूर्व सीएम हरीश रावत सरकार पर हुए हमलावर, आपदा प्रबंधन में फेल होने का लगााया आरोप; दी चेतावनी

हरीश रावत ने सरकार पर आपदा प्रबंधन में फेल होने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि प्रभावितों को मुआवजा या तुरंत राहत नहीं मिली तो कांग्रेस आंदोलन को मजबूर होगी। उन्होंने अमित शाह पर आपदा के समय राज्य की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 01:33 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 01:33 PM (IST)
पूर्व सीएम हरीश रावत सरकार पर हुए हमलावर, आपदा प्रबंधन में फेल होने का लगााया आरोप; दी चेतावनी
पूर्व सीएम हरीश रावत सरकार पर हुए हमलावर।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष हरीश रावत राज्य में आपदा से निपटने को लेकर प्रदेश सरकार के तौर-तरीके और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे पर बरसे। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा प्रबंधन में फेल होती दिखाई दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि आपदा प्रभावितों को जल्द मुआवजा नहीं मिला तो कांग्रेस आंदोलन की राह पर बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की केदारनाथ यात्रा आगामी चुनावी प्रबंधन को देखते हुए हो रही है।

कुमाऊं मंडल में आपदा प्रभावित स्थलों का दौरा कर लौटे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि आपदा प्रभावितों को 36 घंटे बाद भी मुआवजा या राहत नहीं मिल पाई। जन हानि, फसल हानि, पशु व अन्य सामान की हानि पर मुआवजा राशि बढ़ाई जानी चाहिए। आपदा प्रभावित स्थानों पर जलजनित संक्रामक बीमारियों व डेंगू का खतरा है। इसे रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है।

केंद्र दे 1000 करोड़ की मदद

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की आपदा प्रबंधन में सक्रियता को सराहने पर पूर्व मुख्यमंत्री ने आपत्ति की। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री को अग्रिम बधाई तो दी, लेकिन आपदा प्रभावितों के लिए केंद्र से मदद नहीं दी। केंद्र को न्यूनतम 1000 करोड़ की राशि बतौर सहायता राज्य को देनी चाहिए।

पीएम की घोषणा पर रहेगी नजर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पांच नवंबर को केदारनाथ दौरे पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आपदा प्रभावित राज्य का दौरा नहीं किया है। उनकी केदारनाथ यात्रा आगामी चुनावी प्रबंधन को देखते हुए हो रही है। कांग्रेस की नजरें उनके दौरे के साथ ही उत्तराखंड के लिए की जाने वाली उनकी घोषणाओं पर रहेगी।

28 को कांग्रेस नेता करेंगे उपवास

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावितों को समुचित राहत देने के लिए कदम नहीं उठाया तो कांग्रेस 28 अक्टूबर को राज्य के प्रत्येक जिले में उपवास करेगी।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: मंत्री के रूप में इस कार्यकाल से संतुष्ट नहीं हैं हरक सिंह रावत, जानिए क्या बताई वजह

chat bot
आपका साथी