खाद्य मंत्री बंशीधर भगत ने कहा- पांच लाख एमटी अतिरिक्त धान खरीदेगी सरकार

इस बार पांच लाख मीट्रिक टन धान की अतिरिक्त खरीद की जाएगी। खाद्य मंत्री बंशीधर भगत ने बताया कि 15 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। कुमाऊं मंडल से 12 लाख मीट्रिक टन और गढ़वाल मंडल से तीन लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जाएगी।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 06:45 AM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 06:45 AM (IST)
खाद्य मंत्री बंशीधर भगत ने कहा- पांच लाख एमटी अतिरिक्त धान खरीदेगी सरकार
खाद्य मंत्री बंशीधर भगत ने कहा- पांच लाख एमटी अतिरिक्त धान खरीदेगी सरकार।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रदेश में इस बार पांच लाख मीट्रिक टन धान की अतिरिक्त खरीद की जाएगी। खाद्य मंत्री बंशीधर भगत ने बताया कि नए खरीफ सीजन में 15 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। कुमाऊं मंडल से 12 लाख मीट्रिक टन और गढ़वाल मंडल से तीन लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जाएगी।

खाद्य मंत्री भगत ने मंगलवार को यमुना कालोनी स्थित आवास पर खरीफ सत्र 2021-22 के तहत धान खरीद की तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि बीते सत्र में धान खरीद का लक्ष्य 10 लाख मीट्रिक टन था। इससे पहले सरकार गेहूं की 20 वर्षों में सबसे ज्यादा खरीद करने का रिकार्ड बना चुकी है। अब धान खरीद का भी रिकार्ड बनाया जाएगा। राज्य के किसानों की मांग पर केंद्र सरकार को धान खरीद मानक में बदलाव करने का प्रस्ताव भेजा गया है। अभी प्रति हेक्टेयर 40 क्विंटल धान का मानक है। इसे 60 से 65 क्विंटल तक बढ़ाने की मांग की गई है। ऊधमसिंहनगर जिले के तराई क्षेत्र में प्रति हेक्टेयर धान उत्पादन अधिक है। कम मानक की वजह से किसान अधिक धान नहीं बेच पाते हैं।

15 अक्टूबर के बाद एजेंट के जरिये खरीद

कैबिनेट मंत्री भगत ने बताया कि एक अक्टूबर से धान की खरीद की जाएगी। इसके लिए तैयारी चाक-चौबंद रखने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक सरकारी विभागों के माध्यम से धान खरीद होगी। 15 अक्टूबर से कमीशन एजेंट के माध्यम से खरीद की जाएगी। केंद्र सरकार ने धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बीते वर्ष की तुलना में काफी वृद्धि की है।

सामान्य धान का मूल्य प्रति क्विंटल 1940 रुपये

सामान्य धान की कीमत पिछले वर्ष 1868 रुपये प्रति क्विंटल थी, जिसे बढ़ाकर अब 1940 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। ग्रेड-ए धान का मूल्य पिछले वर्ष 1888 रुपये प्रति क्विंटल था। इसे बढ़ाकर 1960 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। धान खरीद के लिए राज्य में कुल 240 केंद्र बनाने का निर्णय किया गया है। बीते वर्ष इनकी संख्या 229 थी।

खरीद को चार एजेंसी तय

चार एजेंसियां खाद्य विभाग, सहकारिता, नैफेड और एनसीसीएफ को धान खरीद के लिए नामित किया गया है। तय किया गया कि नए सीजन में सिर्फ उत्तराखंड के किसानों से ही धान खरीदा जाएगा। प्रादेशिक कोआपरेटिव यूनिट एजेंसी को भी धान खरीदने की अनुमति देने पर विचार किया गया। विभागीय मंत्री ने बताया कि धान खरीद के लिए बोरों और बजट की व्यवस्था की जा चुकी है।

दो जिलों से धान उत्पादन ब्योरा तलब

खाद्य मंत्री ने ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार के जिलाधिकारियों को चालू सीजन में बोए गए धान और उसके उत्पादन और किसानवार धान उत्पादन का ब्योरा 15 दिन में देने के निर्देश दिए। कृषि निदेशक से भी प्रति हेक्टेयर धान पैदावार को पुनरीक्षित करने की अपेक्षा की गई। इससे सरकार को धान उत्पादन के वास्तविक आंकड़े मिल सकेंगे। बैठक में अपर सचिव प्रताप सिंह शाह, आरएफसी कुमाऊं ललित मोहन रयाल, आरएफसी गढ़वाल मंडल चंद्र सिंह धर्मशक्तू, अपर आयुक्त खाद्य पीएस पांगती, उप सचिव अर्पण कुमार राजू, अनुसचिव राजेश कुमार, मामूर जहां मौजूद थे। अन्य अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।

यह भी पढ़ें:-उत्‍तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने माहभर के कार्यकाल में ही महत्वपूर्ण फैसले लेकर छोड़ी छाप

chat bot
आपका साथी