Kisan Andolan : देहरादून: जुलूस रोकने पर भड़के किसान, हाईवे पर किया हंगामा

Kisan Andolan कृषि कानूनों के विरोध में उत्तराखंड के किसान भी सड़कों पर उतर आए। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत किसान विभिन्न जिलों में जुलूस के रूप में निकले लेकिन पुलिस और प्रशासन ने जिला मुख्यालयों तक जुलूस नहीं जाने दिया।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 08:08 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 10:15 PM (IST)
Kisan Andolan : देहरादून: जुलूस रोकने पर भड़के किसान, हाईवे पर किया हंगामा
देहरादून कूच कर रहे किसानों को मियांवाला में पुलिस ने रोका। जिस पर किसानों ने हाइवे पर जमकर हंगामा किया।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Kisan Andolan कृषि कानूनों के विरोध में उत्तराखंड के किसान भी सड़कों पर उतर आए। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत किसान विभिन्न जिलों में जुलूस के रूप में निकले, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने जिला मुख्यालयों तक जुलूस नहीं जाने दिया। जगह-जगह सड़कों पर किसानों ने प्रदर्शन किया। पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शन के चलते देहरादून-हरिद्वार और देहरादून-दिल्ली हाईवे भी घंटों जाम रहा। रुड़की के भगवानपुर में किसानों ने पुलिस बेरिकेडिंग तोड़कर हंगामा किया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। प्रशासन ने बमुश्किल प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। अंत में किसान राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर लौट गए। अब विभिन्न जिलों के किसानों ने सोमवार को दिल्ली कूच का एलान किया है। हालांकि, ऊधमसिंह नगर से सैकड़ों की संख्या में किसान ट्रैक्टरों पर सवार होकर दिल्ली रवाना हो चुके हैं।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) समेत तमाम किसान संगठनों के आह्वान पर उत्तराखंड के सभी जिलों में किसानों ने प्रदर्शन किया। देहरादून के सीमांत क्षेत्रों और हरिद्वार-रुड़की के किसानों ने दून कूच का एलान किया था। जिसके तहत किसान बड़ी संख्या में ट्रैक्टर लेकर दून की ओर बढ़े भी, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें जगह-जगह रोक दिया। रुड़की और भगवानपुर से देहरादून आ रहे किसानों का अमानतगढ़ के पास पुलिस से टकराव हो गया। नोकझोंक, हाथापाई के दौरान किसानों ने ट्रैक्टरों से पुलिस के बेरिकेड तोड़ डाले। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी और दो थानाध्यक्ष ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। करीब पांच घंटे तक किसान दून हाईवे पर डटे रहे। 

वहीं दूसरी ओर, रुड़की से भी किसानों ने दून जाने की कोशिश की, लेकिन ज्वालापुर में किसानों को रोक दिया गया। वहीं, ऊधमसिंह नगर में भी किसानों ने जगह-जगह ट्रैक्टरों के साथ प्रदर्शन किया। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद रुद्रपुर से सैकड़ों किसानों ने दिल्ली के लिए कूच किया। जहां वे सोमवार को प्रदेश के अन्य किसानों के साथ मिलकर प्रदर्शन करेंगे। इधर, देहरादून में डोईवाला, विकासनगर और मोहंड में किसानों ने हंगामा किया। दून कूच की जिद पर अड़े किसानों को पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाकर रोका तो किसान आक्रोशित हो गए। घंटों हाईवे जाम और विरोध-प्रदर्शन के बाद शाम को किसान ज्ञापन सौंपकर लौट गए। 

यह भी पढ़ें-किसानों के जुलूस से देहरादून-हरिद्वार हाईवे रहा ब्लॉक, देखें तस्‍वीरों में

chat bot
आपका साथी