सिंचाई विभाग में 50 लाख तक के कार्य के लिए अनुभव प्रमाण पत्र जरूरी नहीं

उत्‍तराखंड में सिंचाई विभाग में अब 50 लाख तक के निर्माण कार्यों के लिए अनुभव प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। साथ ही निविदा दाखिल करने के समय कार्य का टर्नओवर देखने की व्यवस्था को समाप्त कर दिया है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 10:17 AM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 10:17 AM (IST)
सिंचाई विभाग में 50 लाख तक के कार्य के लिए अनुभव प्रमाण पत्र जरूरी नहीं
उत्‍तराखंड के सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रदेश सरकार ने सिंचाई विभाग में स्थानीय बेरोजगारों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। सिंचाई विभाग में अब 50 लाख तक के निर्माण व अन्य कार्यों के लिए अनुभव प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही सरकार ने निविदा दाखिल करने के दौरान कार्य का टर्नओवर देखे जाने की व्यवस्था को भी समाप्त कर दिया है। सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने तत्काल प्रभाव से व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश में इस समय सिंचाई समेत कई विभागों में निविदा प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अनुभव प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होता है। इसके साथ ही उन्हें यह बताना होता है कि वह वार्षिक कितना काम करते हैं और उनका कितना टर्नओवर है। इसके आधार पर ही उन्हें विभाग में कार्य मिलता है। अब सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग में निविदा प्रक्रिया के तहत प्रदेश के बेरोजगार नवयुवकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रचलित निविदा प्रणाली में संशोधन किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारों को रोजगार देने के साथ-साथ अधिक से अधिक सहभागिता, क्षमता, संवर्द्धन, पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में निविदा के लिए अनुभव प्रमाण पत्र और टर्नओवर के प्रविधान को समाप्त किया गया है। उन्होंने कहा कि अब विभाग में ई-निविदा और टू-बिड सिस्टम की व्यवस्था 50 लाख से अधिक के कार्यों में ही की जाएगी। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने के संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।

------------------ 

बलूनी, नूपुर, भाटिया सिखाएंगे मीडिया मैनेजमेंट के गुर

भाजपा की प्रदेश स्तरीय एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला शुक्रवार को देहरादून में आयोजित होगी। कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी, राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया, नूपुर शर्मा कार्यकर्त्‍ताओं को मीडिया से संबंधित टिप्स देंगे। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि एक दिवसीय कार्यशाला चार सत्रों में आयोजित होगी। कार्यशाला का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व प्रदेश महामंत्री अजेय करेंगे।

दूसरे सत्र में राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख व राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी, तृतीय सत्र में राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आरपी सिंह, गौरव भाटिया व नूपुर शर्मा उपस्थित रहेंगे। समापन सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक मौजूद रहेंगे। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी चौहान ने बताया कि कार्यशाला की शुरुआत सुबह नौ बजे होगी, जबकि 11 बजे उद्घाटन सत्र होगा। कार्यशाला में पार्टी के सभी प्रदेश प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट, सभी मोर्चों के प्रदेश मीडिया प्रभारी व सहप्रभारी, सभी जिलों के मीडिया प्रभारी, प्रदेश मीडिया संपर्क विभाग के संयोजक, सह संयोजक तथा मोर्चों के प्रदेश मीडिया प्रभारी शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें:-कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा- कास्तकारों को सुविधाएं देने को बने कार्ययोजना

chat bot
आपका साथी