उत्तराखंड: मौसम में बदलाव का दिख रहा असर, पढ़िए पूरी खबर
उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज मौसम विज्ञानियों को भी चौंका रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में आफत के साथ-साथ मौसम दहशत का सबब भी बना हुआ है। मानसून सीजन में मौसम के मिजाज में रहे उतार-चढ़ाव का असर अभी तक नजर आ रहा है।
जागरण संवाददाता, देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज मौसम विज्ञानियों को भी चौंका रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में आफत के साथ-साथ मौसम दहशत का सबब भी बना हुआ है। मानसून सीजन में मौसम के मिजाज में रहे उतार-चढ़ाव का असर अभी तक नजर आ रहा है। अक्टूबर में आसमान से आफत बरस रही है। जबकि, मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी आने वाले दिनों में उत्तराखंड में समय-समय पर मौसम के तेवर तल्ख हो सकते हैं।
उत्तराखंड में मानसून सीजन में बारिश का पैटर्न बदला रहा। जुलाई और अगस्त में बारिश सामान्य से कम हुई, तो सितंबर में रिकार्ड बारिश हुई। जिसके बाद मानसून की विदाई में भी देरी हुई। लेकिन अक्टूबर की शुरुआत से ही प्रदेश में बारिश का क्रम थमा हुआ था। ऐसे में बीते रविवार को अचानक मौसम ने करवट बदली और प्रदेश में भारी बारिश हुई। हालांकि, बारिश का कारण मजबूत पश्चिमी विक्षोभ और निम्न दबाव का क्षेत्र एक साथ बनने को बताया गया। लेकिन इसे मानसून के अनियमित बर्ताव का भी नजीता कहा जा रहा है। इस बार 13 जून को मानसून ने उत्तराखंड में दस्तक दी थी, जिसके बाद मेघ बरसने में अनियमितता बनी रही। सितंबर में मानसून ने जोर पकड़ा और सामान्य से 10 फीसद अधिक बारिश दर्ज की गई। इस बार पूरे मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में औसत बारिश 1170 मिलीमीटर दर्ज की गई है। जबकि, इस अवधि में सामान्य औसत बारिश 1186 मिमी होती है। इस बार प्रदेश में सामान्य से करीब दो फीसद कम बारिश हुई है।
यह भी पढ़ें- छितकुल की ट्रैकिंग पर गए 11 सदस्यीय दल में पांच पर्यटकों की मौत, अन्य को किया जा रहा हेली रेस्क्यू
मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल ने बताया कि उत्तराखंड में मौसम का पैटर्न गड़बड़ रहा है। जिससे यहां गर्मियों के साथ ही बरसात में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अब सर्दियों में भी तापमान के साथ ही बारिश का भी अनियमित दौर रह सकता है। आने वाले दिनों में भी पश्चिमी विक्षोभ के उत्तराखंड पहुंचने पर भारी बारिश के हालात बनने की आशंका है।
यह भी पढ़ें- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड में आपदा प्रभावित क्षेत्रों के हवाई सर्वेक्षण के लिए देहरादून से हुए रवाना