यहां ग्राम प्रधानों की लगेगी अनोखी क्लास, दूरदर्शन पढ़ाएगा पंचायत का पाठ; जानिए

दूरदर्शन अब उत्तराखंड में ग्राम प्रधानों समेत त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायत का पाठ पढ़ाएगा। पंचायतीराज विभाग ने इस सिलसिले में दूरदर्शन से 15 दिन के लिए रोजाना 90 मिनट का प्रसारण स्लाट देने का आग्रह किया है।

By Raksha PanthariEdited By: Publish:Sat, 26 Sep 2020 06:20 AM (IST) Updated:Sat, 26 Sep 2020 06:20 AM (IST)
यहां ग्राम प्रधानों की लगेगी अनोखी क्लास, दूरदर्शन पढ़ाएगा पंचायत का पाठ; जानिए
अब ग्राम प्रधानों की लगेगी अनोखी क्लास।

देहरादून, केदार दत्त। कोरोनाकाल में विद्यार्थियों की पढ़ाई का बड़ा जरिया बना दूरदर्शन अब उत्तराखंड में ग्राम प्रधानों समेत त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायत का पाठ पढ़ाएगा। पंचायतीराज विभाग ने इस सिलसिले में दूरदर्शन से 15 दिन के लिए रोजाना 90 मिनट का प्रसारण स्लाट देने का आग्रह किया है। विभाग ने इसके लिए विषय विशेषज्ञों से एपिसोड तैयार कराए हैं। दूरदर्शन से हरी झंडी मिलने पर विभाग इसके प्रसारण की तिथियां फाइनल करेगा।

उत्तराखंड में हरिद्वार को छोड़कर शेष 12 जिलों में गत वर्ष अक्टूबर में त्रिस्तरीय पंचायत (ग्राम, क्षेत्र व जिला) चुनाव हुए थे। इसके बाद रिक्त पदों के लिए दिसंबर में उपचुनाव हुए। पंचायतों का गठन होने के बाद नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का पंचायतीराज से संबंधित प्रशिक्षण होना था, मगर मार्च से कोरोना संकट के चलते यह मुमकिन नहीं हो पाया। इसे देखते हुए पंचायतीराज विभाग ने पंचायत प्रतिनिधियों के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है। इसमें भी कनेक्टिविटी समेत अन्य दिक्कतें आ रही हैं।

इस सबके मद्देनजर अब दूरदर्शन की मदद ली जा रही है। प्रभारी सचिव एवं निदेशक पंचायतीराज हरिचंद्र सेमवाल के मुताबिक कोरोनाकाल में जिस तरह दूरदर्शन से बच्चों की पढ़ाई हो रही है, उसी तरह पंचायत प्रतिनिधियों को भी पंचायत से जुड़े विषयों की जानकारी दूरदर्शन के माध्यम से देने का निश्चय किया गया है। इसके लिए पंचायतीराज एक्ट, अभिलेखों के रखरखाव, स्वच्छता, जीपीडीपी, गांव के विकास योजनाएं बनाना समेत अन्य बिंदुओं पर विषय विशेषज्ञों से 27-27 मिनट के एपिसोड तैयार कराए गए हैं।

यह भी पढ़ें: आप पार्टी का त्रिवेंद्र सरकार पर हमला, कहा- अपने विधायक की नहीं सुनी तो जनता की क्या सुनेंगे 

सेमवाल के अनुसार दूरदर्शन की पहुंच प्रत्येक गांव तक है। ऐसे में ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सदस्यों, ब्लाक प्रमुखों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत अध्यक्षों व सदस्यों के दूरदर्शन के जरिये प्रशिक्षण ज्यादा उपयोगी हो सकता है। इसी के दृष्टिगत दूरदर्शन केंद्र देहरादून के निदेशक को पत्र भेजकर 15 दिन के लिए रोजाना तीन से साढ़े चार बजे या फिर साढ़े तीन से पांच बजे तक का स्लाट मांगा गया है। उन्होंने बताया कि दूरदर्शन से हरी झंडी मिलते ही प्रशिक्षण की तिथि तय की जाएगी। कोशिश ये है मुख्यमंत्री के हाथों इस प्रशिक्षण का उद्घाटन कराया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि दूरदर्शन से जल्द ही स्लॉट मिल जाएगा।

यह भी पढ़ें: आप पार्टी का त्रिवेंद्र सरकार पर हमला, कहा- अपने विधायक की नहीं सुनी तो जनता की क्या सुनेंगे

chat bot
आपका साथी