वरिष्ठों का आशीर्वाद लेकर की धामी ने दिन की शुरुआत

भाजपा में रविवार को सुबह से ही हलचल तेज थी। इस सबके बीच मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले भाजपा विधायक दल के नेता पुष्कर सिंह धामी ने दिन की शुरुआत वरिष्ठ पार्टी नेताओं से भेंट कर की।

By Sumit KumarEdited By: Publish:Sun, 04 Jul 2021 10:53 PM (IST) Updated:Sun, 04 Jul 2021 11:04 PM (IST)
वरिष्ठों का आशीर्वाद लेकर की धामी ने दिन की शुरुआत
पुष्कर सिंह धामी अचानक सतपाल महाराज के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की।

राज्य ब्यूरो, देहरादून: भाजपा में रविवार को सुबह से ही हलचल तेज थी। शनिवार शाम से पार्टी के वरिष्ठ विधायकों के नाराज होने की चर्चाएं जोर पकड़े हुए थे। सुबह उन्हें मनाने का दौर आरंभ हुआ। इस सबके बीच मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले भाजपा विधायक दल के नेता पुष्कर सिंह धामी ने दिन की शुरुआत वरिष्ठ पार्टी नेताओं से भेंट कर की।

रविवार सुबह पुष्कर सिंह धामी सबसे पहले कार्यवाहक मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के जनरल महादेव सिंह रोड पर भागीरथीपुरम स्थित आवास पहुंचे और उनसे शिष्टाचार भेंट की। यहां से वह पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के डिफेंस कालोनी स्थित आवास पर पहुंचे। मुलाकात की इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए धामी पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूडी के बसंत विहार स्थित आवास पर पहुुंचे। उन्होंने यहां पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान यमकेश्वर विधायक ऋतु भूषण खंडूडी भी मौजूद थीं। यहां से वह बीजापुर स्थित राज्य अतिथि गृह रवाना हुए और समर्थकों से भेंट की। इस बीच पार्टी के वरिष्ठ विधायक सतपाल महाराज की नाराजगी बरकरार रहने की खबर तेजी से फैलने लगी। बीच पुष्कर सिंह धामी अचानक सतपाल महाराज के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की।

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Politics: जानिए धामी मंत्रिमंडल में कौन-कौन हैं शामिल, पुराने चेहरों पर ही जताया गया भरोसा

इसे भले ही शिष्टाचार मुलाकात का नाम दिया गया हो लेकिन सूत्रों की मानें तो धामी ने महाराज की नाराजगी को दूर करने का भी प्रयास किया। इसके बाद वह वापस बीजापुर गेस्ट हाउस लौट गए। शाम लगभग पौने पांच बजे वह राजभवन पहुंचे और राज्यपाल से मिले। दोनों एक साथ शपथ ग्रहण स्थल तक आए। शपथ ग्रहण समारोह के बाद बीजापुर सेफ हाउस में उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया। देर शाम उन्होंने सचिवालय में मंत्रिमंडल की बैठक में हिस्सा लिया।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में रूठों को मनाने में जुटा भाजपा नेतृत्व, कौशिक बोले- कोई नाराज नहीं; पार्टी कार्यक्रमों को लेकर हुई बैठकें

chat bot
आपका साथी