देहरादून में 15 अगस्त के मुख्य आयोजन को तैयार होगा परेड ग्राउंड, महापौर व राजपुर विधायक ने किया निरीक्षण

परेड ग्राउंड 15 अगस्त के मुख्य आयोजन के लिए तैयार होगा। निर्माण कार्यों को जल्‍द पूरा किया जाएगा। परेड ग्राउंड में चल रहे स्मार्ट सिटी के कार्यों के निरीक्षण के दौरान महापौर सुनील उनियाल गामा व विधायक राजपुर रोड खजान दास ने यह जानकारी दी

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 01:41 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 08:01 PM (IST)
देहरादून में 15 अगस्त के मुख्य आयोजन को तैयार होगा परेड ग्राउंड, महापौर व राजपुर विधायक ने किया निरीक्षण
महापौर गामा ने परेड ग्राउंड में स्मार्ट सिटी के कार्यों का किया निरीक्षण।

जागरण संवाददाता, देहरादून। शहर का ऐतिहासिक परेड ग्राउंड 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के मुख्य आयोजन के लिए तैयार होगा। 15 अगस्त से पहले परेड ग्राउंड में चल रहे निर्माण कार्यों को पूरा किया जाएगा। परेड ग्राउंड में चल रहे स्मार्ट सिटी के कार्यों के निरीक्षण के दौरान महापौर सुनील उनियाल गामा व विधायक राजपुर रोड खजान दास ने यह जानकारी दी। उन्होंने परेड ग्राउंड में बने स्मार्ट टायलेट का भी निरीक्षण किया।

शुक्रवार को महापौर सुनील उनियाल गामा व राजपुर रोड विधायक खजान दास ने स्मार्ट सिटी के सीईओ डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव के साथ परेड ग्राउंड में चल रहे स्मार्ट सिटी के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान आशीष श्रीवास्तव ने महापौर व विधायक को परेड ग्राउंड में चल रहे कार्यों से रूबरू कराया। डा. श्रीवास्तव ने बताया कि परेड ग्राउंड में स्मार्ट सिटी के लगभग 50 फीसद कार्य पूर्ण हो चुके हैं। 15 अगस्त से पहले रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्य को छोड़ अन्य सभी कार्य पूरे हो जाएंगे। निरीक्षण के दौरान महापौर व विधायक ने स्मार्ट सिटी के कार्यों से संतुष्टि जताई। महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि 15 अगस्त से पहले परेड ग्राउंड के कार्य पूरे हो जाएंगे। 15 अगस्त के मुख्य आयोजन को परेड ग्राउंड में ही कराया जाएगा।

किराये पर चलाने को मिलेगी साइकिल

निरीक्षण के दौरान आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि परेड ग्राउंड में साइकिल ट्रैक बनाया जा रहा है। यहां लोग अपनी साइकिल लाकर भी चला सकते हैं, जो व्यक्ति अपनी साइकिल नहीं लाएंगे, उन्हें यही पर साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए उनके चार्ज लिया जाएगा।

पत्थरों का गार्डन व सेल्फी प्वाइंट बनेगा

आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि परेड ग्राउंड में पत्थरों का गार्डन बनाया जाएगा। इसके लिए राजस्थान से पत्थर मंगवाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा परेड ग्राउंड में सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा। जहां आगंतुक आकर सेल्फी ले सकेंगे। बताया कि परेड ग्राउंड में 'अशोक की लाट' को लगाया जाएगा। इसे राजस्थान से मंगाया जा रहा है। विधायक खजान दास ने परेड ग्राउंड में तिरंगा फहराने की भी मांग की। बजट की किल्लत पड़ने पर उन्होंने अपनी विधायक निधि से धनराशि देने की भी बात कही।

आधुनिक तकनीक से किया जाएगा पेड़ों को शिफ्ट

आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि परेड ग्राउंड के चारों और खड़े पेड़ों को काटा नहीं जाएगा, बल्कि इन्हें जड़ समेत उठा कर अंदर शिफ्ट किया जाएगा। इससे परेड ग्राउंड हरा भरा बना रहेगा। परेड ग्राउंड में बने ओवर हैड टैंक की मरम्मत कराई जाएगी। इस पर उत्तराखंड की संस्कृति को दर्शाया जाएगा।

कार्यों में जल्दबाजी करने से बैठ रही सड़के

पलटन बाजार में स्मार्ट सिटी की सड़क की टाइल बैठने के सवाल पर महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि कार्य को पूरा करने की जल्दबाजी के चलते सड़के बैठने की शिकायत मिल रही है। इनके सुधार पर काम किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- ...अगर रिपोर्ट कर दूं तो तुम सब सस्पेंड हो जाओगे, जानिए आखिर क्या वजह रही कि परिवहन सचिव ने ऐसा कहा

chat bot
आपका साथी