शक्तिनहर किनारे की बदहाल सड़क पर चलना हुआ मुश्किल

विकासनगर डाकपत्थर को पांवटा से जोड़ने वाली शक्ति नहर किनारे की सड़क की बदहाली से राहगीर परेशान हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 01:49 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 01:49 AM (IST)
शक्तिनहर किनारे की बदहाल सड़क पर चलना हुआ मुश्किल
शक्तिनहर किनारे की बदहाल सड़क पर चलना हुआ मुश्किल

संवाद सहयोगी, विकासनगर: डाकपत्थर को पांवटा से जोड़ने वाली शक्ति नहर किनारे की सड़क की बदहाली क्षेत्रवासियों और सड़क पर आवाजाही करने वाले राहगीरों के लिए मुसीबत बन रही है। क्षतिग्रस्त सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई सड़क पर बारिश के कारण हो रहा जलभराव कठिन समस्या उत्पन्न कर रहा है। क्षेत्र के निवासियों ने इस मार्ग की बदहाली के बाद भी की जा रही अनदेखी पर आक्रोश व्यक्त किया है। उनका कहना है कि निरंतर इस मार्ग पर आवाजाही हो रही है, जिसके चलते दुर्घटनाएं भी हो रही हैं, लेकिन प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

पछवादून के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल डाकपत्थर बैराज से पांवटा रोड की ओर जाने वाली सड़क जगह-जगह से टूटकर बदहाल हो चुकी है। सड़क की बदहाली की स्थिति यह है कि नवाबगढ़ स्थित पुल नंबर एक के पास सड़क पर तालाब बन गया है। इसके चलते क्षेत्र के निवासियों को दैनिक आवाजाही में मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के निवासी अली अहमद, नवाब अली, गुलशेर, विनय जायसवाल, वाजिद अली का कहना है कि हिमाचल प्रदेश को उत्तराखंड से जोड़ने वाली इस मुख्य सड़क की बदहाली से परेशानी हो रही है। पर्यटक और दूसरे राज्यों से होकर आने वाले यात्री इसी सड़क से डाकपत्थर आते हैं। इसके अलावा नवाबगढ़ से भीमावाला, ढकरानी, सिविल कोर्ट को आवाजाही करने वाले क्षेत्रवासियों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। सड़क की स्थिति पिछले एक साल से खराब है। इस संबंध में कई बार जलविद्युत निगम को सूचित करने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि सड़क की समस्या के संबंध में शीघ्र ही एक प्रतिनिधिमंडल क्षेत्रीय विधायक से मिलकर सड़क निर्माण की मांग करेगा। उधर, यूजेवीएनएल के महाप्रबंधक सिविल संजीव लोहानी के अनुसार शक्तिनहर किनारे की सड़क को दो चरणों में बनाने की योजना है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी