उत्तराखंड: 20 नवंबर तक बढ़ा कोविड प्रतिबंध, चारधाम यात्रा को अब स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण

कोरोना के मामलों में लगातार कमी आ रही है। इसे देखते हुए कोविड कर्फ्यू की जगह कोविड प्रतिबंध लागू किया गया है जो अब अगले महीने की 20 तारीख तक लागू रहेगा। इससे पहले सरकार ने कोविड पाबंदी में कई तरह की रियायतें दी थी।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 06:23 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 10:11 PM (IST)
उत्तराखंड: 20 नवंबर तक बढ़ा कोविड प्रतिबंध, चारधाम यात्रा को अब स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण
उत्तराखंड में 20 नवंबर तक बढ़ा कोविड प्रतिबंध, कोरोना के मामलों में लगातार आ रही कमी।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। कोविड संक्रमण के दृष्टिगत स्थिति नियंत्रण में होने के बावजूद सरकार ने प्रदेश में लागू कोविड पाबंदी जारी रखने का निर्णय लिया है। इसकी अवधि 20 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। शासन की ओर से इस संबंध में जारी गाइडलाइन के मुताबिक अब अन्य प्रदेशों से चारधाम यात्रा पर यहां आने वाले श्रद्धालुओं को स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद मिलने वाले ई-पास के आधार पर उन्हें राज्य में प्रवेश की अनुमति होगी। पहले यात्रियों के लिए देवस्थानम बोर्ड की वेबसाइट पर पंजीकरण अनिवार्य था। कोविड पाबंदी के शेष प्रविधान वही रखे गए हैं, जो वर्तमान में लागू हैं।

कोविड संक्रमण के मामलों में कमी, त्योहारी सीजन और विवाह के सायों को देखते हुए सरकार ने इस माह पांच अक्टूबर से प्रदेश में कोविड कर्फ्यू की जगह कोविड पाबंदी लागू कर दी थी। तब यह पाबंदी 19 अक्टूबर सुबह छह बजे तक के लिए लगाई गई। हालांकि, इसमें तमाम रियायतें दी गई हैं, लेकिन सोमवार को हुई उच्च स्तरीय बैठक में कोविड पाबंदी 20 नवंबर सुबह छह बजे तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। शाम को शासन ने इसकी गाइडलाइन भी जारी कर दी।

गाइडलाइन में चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सचिव आपदा प्रबंधन एसए मुरुगेशन के अनुसार पूर्व में चारों धामों में प्रतिदिन यात्रियों की संख्या नियत की गई तय थी। इसीलिए देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड से ई-पास और स्मार्ट सिटी पोर्टल में पंजीकरण की व्यवस्था की गई। बाद में संख्या का प्रतिबंध हटा तो सिर्फ देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड में ही पंजीकरण का प्रविधान किया गया। अब बोर्ड की बजाय देहरादून स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। राज्य के निवासियों के लिए पंजीकरण की जरूरत नहीं है।

अन्य राज्यों से चारधाम आने वाले यात्रियों को पंजीकरण के वक्त यात्रा से 15 दिन पहले का कोविड वैक्सीनेशन का फाइनल प्रमाणपत्र अथवा 72 घंटे पहले की कोरोना जांच की निगेटिव रिपोर्ट अपलोड करनी होगी। पंजीकरण के बाद मिलने वाले ई-पास से राज्य में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। चारों धामों बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री में दर्शन के दौरान कोविड प्रोटोकाल का अनुपालन और भीड़ नियंत्रण के लिए देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड, प्रशासन व पुलिस आवश्यक व्यवस्था करेंगे।

इसके अलावा अन्य प्रदेशों से उत्तराखंड भ्रमण पर आने वालों के लिए भी कोविड वैक्सीनेशन का फाइनल प्रमाणपत्र और यह न होने की स्थिति में कोरोना जांच की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य है। साथ ही उन्हें देहरादून स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण कराना आवश्यक है।

यह भी पढ़ें- कैबिनेट बैठक: उत्तराखंड में उपनल कर्मियों, आशा कार्यकर्त्ता और ग्राम प्रधानों को सौगात, जानें- अन्‍य फैसले

chat bot
आपका साथी