उत्‍तराखंड : समितियों की रिपोर्ट पर विचार करेगा कोर ग्रुप

प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति समेत कुल 11 समितियां 2022 के चुनाव को ध्यान में रखकर कार्ययोजना तैयार करेंगी। समितियों की रिपोर्ट पर आगामी तीन व चार अगस्त को प्रस्तावित कोर ग्रुप की बैठक में मंथन किया जाएगा।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 01:41 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 01:41 PM (IST)
उत्‍तराखंड : समितियों की रिपोर्ट पर विचार करेगा कोर ग्रुप
प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति समेत कुल 11 समितियां 2022 के चुनाव को ध्यान में रखकर कार्ययोजना तैयार करेंगी।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति समेत कुल 11 समितियां 2022 के चुनाव को ध्यान में रखकर कार्ययोजना तैयार करेंगी। समितियों की रिपोर्ट पर आगामी तीन व चार अगस्त को प्रस्तावित कोर ग्रुप की बैठक में मंथन किया जाएगा। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि समितियों की रिपोर्ट के आधार पर भावी चुनावी एजेंडा तय किया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बुधवार को प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव की अध्यक्षता में कोर ग्रुप और 11 महत्वपूर्ण समितियों की बैठक हुई है। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत रावत, तिलकराज बेहड़ व भुवन कापड़ी की मौजूदगी में हुई बैठक में तय किया गया किया गया कि सभी चुनावी समितियां एक अगस्त तक अपनी-अपनी कार्ययोजना रिपोर्ट सौंपेंगी।

पन्ना प्रमुख के मुकाबले बूथ सारथी

बैठक में भाजपा के पन्ना प्रमुख के मुकाबले कांग्रेस की ओर से बूथ सारथी को उतारने का सुझाव कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत रावत ने रखा। प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने इसका समर्थन किया। प्रस्ताव पर सहमति बनने के संकेत हैं। बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, सह प्रभारी दीपिका पांडेय सिंह व राजेश धर्माणी, कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात, राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा, मीडिया कमेटी चेयरमैन राजीव महर्षि, पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, उप नेता प्रतिपक्ष करन माहरा, सूर्यकांत धस्माना, सुमित हृदयेश समेत करीब तीन दर्जन पदाधिकारी मौजूद रहे।

नवप्रभात घोषणापत्र समिति की कमान संभालने को हुए राजी

प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात को मनाने में सफल रहे। नवप्रभात ने चुनाव घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के संकेत दे दिए। उन्हें इस संबंध में प्रारूप बनाने को कहा गया है। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता नवप्रभात ने बताया कि वह मतदाता सूची से अपने विधानसभा क्षेत्र विकासनगर में 18 हजार फर्जी मतदाताओं के नाम कटा चुके हैं। प्रदेश प्रभारी ने इसे उदाहरण स्वरूप लेकर सभी विधायकों और पूर्व विधायकों, संभावित प्रत्याशियों के साथ पार्टी नेताओं को मतदाता सूची पर नजर रखने के निर्देश दिए।

दोनों मंडलों के लिए मीडिया प्रभारी नियुक्त

प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने बताया कि प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी को गढ़वाल मंडल और प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया को कुमाऊं मंडल के मीडिया प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि के निर्देशन में दो जोनल हेड नियुक्त किए गए हैं। दोनों पदाधिकारी अपने-अपने मंडलों में जिलों के साथ समन्वय कर समस्याओं को उठाएंगे।

यह भी पढ़ें:-उत्‍तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर जल्द सामने होगा कांग्रेस का रोडमैप

chat bot
आपका साथी