कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव बोले- सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने शनिवार को एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि उत्तराखंड में अगला विधानसभा चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोविड कफ्र्यू खत्म होते ही भाजपा सरकार के खिलाफ परिवर्तन यात्रा प्रारंभ की जाएगी।

By Sumit KumarEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 02:16 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 02:16 PM (IST)
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव बोले- सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा क‍ि भाजपा सरकार के खिलाफ परिवर्तन यात्रा प्रारंभ की जाएगी।

राज्य ब्यूरो, देहरादून: कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने शनिवार को एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि उत्तराखंड में अगला विधानसभा चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोविड कफ्र्यू खत्म होते ही भाजपा सरकार के खिलाफ परिवर्तन यात्रा प्रारंभ की जाएगी। बारिश या मानसून सीजन को विरोध प्रदर्शन के लिए बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। पहले चरण में ऊधमसिंहनगर के तराई क्षेत्र खटीमा से लेकर देहरादून के विकासनगर और नैनीताल के रामनगर तक मैदानी जिलों में पार्टी परिवर्तन यात्रा निकालेगी। बरसात के बाद पर्वतीय जिलों में परिवर्तन यात्रा के कार्यक्रम तय किए जाएंगे।

प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव के दिल्ली स्थित आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता डा इंदिरा हृदयेश की दूसरे दौर की बैठक हुई। बैठक में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के रोडमैप को अंतिम रूप दिया गया। इसके जरिये ये भी स्पष्ट किया गया है कि भाजपा सरकार को कांग्रेस के तीखे हमले झेलने पड़ेंगे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति का खुलासा कर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव में किसी एक चेहरे को आगे नहीं करेगी। सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़े जाएंगे। खास बात ये है कि ये बात उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की मौजूदगी में ही स्पष्ट की। रावत चुनाव में चेहरा तय करने की पुरजोर पैरवी करते रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अनिल बलूनी आज हल्द्वानी में कार्यकर्ताओं संग विधायकों-मंत्रियों से करेंगे मुलाकात, तय करेंगे 2022 का रोडमैप

इससे पहले करीब पांच घंटे तक चली इस बैठक में प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मुहिम तेज करने के लिए रोडमैप को अंतिम रूप दिया गया। पार्टी ने तय किया है कि कोविड कफ्र्यू खत्म होते ही प्रदेशभर में परिवर्तन यात्रा प्रारंभ की जाएगी। कांग्रेस सीधे आम जनता से जुड़कर सरकार की नीतियों का विरोध करेगी। बरसात को देखते हुए मैदानी क्षेत्रों से परिवर्तन यात्रा शुरू की जाएगी। खटीमा से यात्रा शुरू कर मानसून सीजन में ही पूरे तराई और मैदानी क्षेत्रों में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। बताया गया कि पहले चरण के इस कार्यक्रम का समापन मसूरी में होगा। प्रदेश प्रभारी के मुताबिक चुनाव संचालन समिति के बारे में जल्द निर्णय लिया जाएगा। वर्तमान में पहली प्राथमिकता पार्टी की परिवर्तन यात्रा है। पार्टी के सभी नेता एकजुट होकर इसमें शिरकत करेंगे। प्रदेश प्रभारी भी इन कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे।

यह भी पढ़ें- चुनावी साल में फिर देखने को मिल सकता है डबल इंजन का दम, केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे सीएम

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी