कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल बोले, दलबदल कानून के तहत हो राजकुमार पर कार्रवाई

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पुरोला से कांग्रेस विधायक राजकुमार के खिलाफ दलबदल कानून के तहत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि विधायक राजकुमार ने पुरोला की जनता का अपमान किया है। उन्हें अगला चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित किया जाना चाहिए।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 10:13 AM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 10:13 AM (IST)
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल बोले, दलबदल कानून के तहत हो राजकुमार पर कार्रवाई
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पुरोला से कांग्रेस विधायक राजकुमार के भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल से विधायक राजकुमार के खिलाफ दलबदल कानून के तहत कार्रवाई की मांग करती है। राजकुमार की सदस्यता रद करते हुए नियमानुसार उन्हें अगला चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित किया जाए। उन्होंने कहा कि विधायक राजकुमार ने जनादेश और पुरोला की जनता का अपमान किया है, जिसका सबक जनता आने वाले चुनाव में जरूर सिखाएगी।

रविवार को कांग्रेस विधायक राजकुमार के भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का तोड़-फोड़ का पुराना इतिहास रहा है। इससे पहले भी भाजपा उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गोवा समेत अन्य राज्यों में विपक्ष के विधायकों को धन का लालच देकर अपनी पार्टी से जोड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को उत्तराखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में हार नजर आ रही है। उसके पास चुनाव लडऩे लायक चेहरे नहीं बचे हैं। इसलिए वह कांग्रेस व अन्य दलों के विधायकों को धन का लालच देकर अपनी पार्टी में शामिल कर रही है।

प्रदेश महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी ने कहा कि पुरोला विधायक राजकुमार ने अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में क्षेत्र की जनता की उपेक्षा की। अब उन्हें हार का डर सता रहा है। इसी कारण वह पुरोला की जनता की भावनाओं को गिरवी रख कर भाजपा में शामिल हुए हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल दिल्ली दौरे पर

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल दिल्ली रवाना हो गए हैं। वह सोमवार को प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की केंद्रीय नेताओं से होने वाली मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केंद्रीय नेताओं से कांग्रेस की गढ़वाल मंडल में 18 सितंबर से शुरू हो रही परिवर्तन यात्रा और कांग्रेस से निष्कासित किए गए नेताओं की वापसी के प्रयास पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा चुनाव प्रचार की रणनीति को तेज करने और सांगठनिक स्तर पर होने वाले बदलाव के संबंध में चर्चा कर केंद्रीय नेताओं से मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।

यह भी पढ़ें:- कैबिनेट मंत्री डा हरक सिंह रावत बोले, मेरी किस्मत में नहीं मुख्यमंत्री बनना

chat bot
आपका साथी