जल्द निकाय चुनाव के लिए सरकार पर दबाव बना रही कांग्रेस

अब निकाय चुनाव जल्द कराने को लेकर कांग्रेस हमलावर हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात करेगा।

By Edited By: Publish:Wed, 26 Sep 2018 03:00 AM (IST) Updated:Wed, 26 Sep 2018 12:15 PM (IST)
जल्द निकाय चुनाव के लिए सरकार पर दबाव बना रही कांग्रेस
जल्द निकाय चुनाव के लिए सरकार पर दबाव बना रही कांग्रेस

देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: विधानसभा का मानसून सत्र निपटने के बाद अब निकाय चुनाव जल्द कराने को लेकर कांग्रेस हमलावर हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात करेगा। 

वहीं पार्टी ने राज्य आंदोलन में शहीदों के आवासों तक प्रस्तावित शहीद नमन यात्रा स्थगित कर दी है। इसे अब अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में प्रारंभ करने पर विचार होगा। वहीं महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर केंद्र की सक्रियता के बाद कांग्रेस ने भी कार्यक्रम तय किए हैं। 

कांग्रेस पिछले कई दिनों से सड़कों पर जिन मुद्दों पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करती रही है। मानसून सत्र के दौरान पार्टी ने विधानसभा में भी इन्हें उठाया। अब सत्र स्थगित होने के बाद पार्टी ने एक बार फिर निकाय चुनाव जल्द कराने को लेकर हाथ-पांव मारने शुरू कर दिए हैं। 

इस संबंध में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल राज्य निर्वाचन आयुक्त को ज्ञापन सौंपेगा। वहीं पार्टी ने महात्मा गांधी के 150वीं जयंती वर्ष पर केंद्र सरकार की ओर से छेड़े गए अभियान के पलटवार में दो अक्टूबर से कार्यक्रम प्रस्तावित कर दिए हैं। स्वर्गीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती 19 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में राजीव भवन में हुई बैठक में कार्यक्रम तय किए गए। यह तय किया गया कि दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर नगर में पद यात्रा निकाली जाएगी। उक्त अवधि में सभी जिला मुख्यालयों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं गोष्ठियों के साथ पदयात्राओं का आयोजन किया जाएगा। 

बाद में कांग्रेसजन बाल वनिता आश्रम में बच्चों को भोजन वितरित करेंगे। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महामंत्री विजय सारस्वत, संजय पालीवाल, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, अजय सिंह व डॉ आरपी रतूड़ी समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। 

ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा जल्द 

प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी और अन्य महत्वपूर्ण समितियों के गठन में अभी वक्त लग सकता है। अलबत्ता, कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जल्द जारी होने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि ब्लॉक अध्यक्षों की सूची पार्टी हाईकमान को भेजी जा चुकी है। यह सूची जल्द जारी होने की संभावना है। 

प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन में अभी समय लग सकता है। इससे पहले पार्टी की अनुशासन समिति, समन्वय समिति व अन्य समितियों का गठन होना है, लेकिन इसमें भी फिलहाल एक माह का वक्त लग सकता है।

यह भी पढ़ें: मनमाना हाउस टैक्स वसूलने के खिलाफ सड़क पर उतरे कांग्रेसी, ईओ का किया घेराव

यह भी पढ़ें: जनहित के मुद्दों को लेकर विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेगी यूकेडी

यह भी पढ़ें: लोकायुक्त पर कांग्रेस ने सदन में किया हंगामा

chat bot
आपका साथी