किरायेदार पर पैतृक मकान पर अवैध कब्जा करने का आरोप

विकासनगर न्याय की आस में दर-बदर भटक रही बेसहारा बेटी को आसरे की दरकार है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 04:25 PM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 04:25 PM (IST)
किरायेदार पर पैतृक मकान पर अवैध कब्जा करने का आरोप
किरायेदार पर पैतृक मकान पर अवैध कब्जा करने का आरोप

जागरण संवाददाता, विकासनगर: न्याय की आस में दर-बदर भटक रही बेसहारा बेटी को आसरे की दरकार है। आरोपित किरायेदार की दंबगई के चलते पीड़िता अपनी सहेली के घर में रह रही है। पैतृक संपत्ति पर किरायेदार के अवैध कब्जा करने से परेशान पीड़िता ने पुलिस-प्रशासन से मामले की लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। माता-पिता के निधन के बाद वह घर में अकेली रह गई। आरोप है कि इसका फायदा उठाते हुए किरायेदार अवैध तरीके से संपत्ति हड़पने की फिराक में है। शनिवार को मामला संज्ञान में आने पर एसएसपी ने कोतवाल को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

कोतवाली विकासनगर अंतर्गत पुल नंबर-एक के डाक्टरगंज बस्ती क्षेत्र में एक बेसहारा बेटी के पैतृक मकान और संपत्ति पर आरोपित किरायेदार के अवैध कब्जा करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपित किरायेदार की दंबगई से परेशान पूजा नामक पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारियों से मामले की शिकायत की है। एसएसपी को प्रेषित शिकायती पत्र में पूजा ने बताया कि उसकी पैतृक संपत्ति के अभिलेख उसके पास मौजूद है। कहा कि कुछ समय पहले उसके पिता-माता ने मकान के दो कमरे किराये पर दे दिए थे। उनके निधन के बाद वह घर में अकेली रह गई। किरायेदार ने उसे अकेला व बेसहारा देख पहले तो किराया देने से मना किया, जब उसने मकान खाली करने को कहा तो उसने जान से मारने की धमकी दी। किरायेदार की दंबगई के चलते वह अपना पैतृक मकान छोड़ कर सहेली के घर में रह रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विकासनगर को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। कोतवाल प्रदीप बिष्ट के अनुसार मामला न्यायालय में चल रहा है, उसका निर्णय आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी