स्थानीय उत्पादों को देना होगा बढ़ावा: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि हमें स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना होगा।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Sep 2020 10:22 PM (IST) Updated:Sat, 26 Sep 2020 05:05 AM (IST)
स्थानीय उत्पादों को देना होगा बढ़ावा: मुख्यमंत्री
स्थानीय उत्पादों को देना होगा बढ़ावा: मुख्यमंत्री

राज्य ब्यूरो, देहरादून

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि हमें स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना होगा। उसकी ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग करनी होगी। उत्तराखंड के लोकल उत्पादों को हिमालयी ब्रांड बनाने की दिशा में कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्म दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास से 'आत्मनिर्भरता से अंत्योदय तक' वचुअर्ल युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में युवाओं एवं महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उत्तराखंड में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने के लिए अपार संभावनाएं हैं। प्रकृति ने राज्य को सब कुछ दिया है। पर्वत श्रृंखलाएं, पर्याप्त जल, जंगल, जैव विविधता जैसी प्राकृतिक चीजें हमें वरदान स्वरूप मिली हैं। राज्य में स्वरोजगार के लिए पर्याप्त अवसर हैं। एडवेंचर टूरिज्म, वाटर स्पो‌र्ट्स एवं पर्यटन के क्षेत्र में अनेक गतिविधिया संचालित की जा सकती हैं। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना शुरू की गई है।

उन्होंने कहा कि कृषकों को तीन लाख तक एवं स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है। उड़ान योजना के तहत हेली सेवाओं को विस्तार दिया गया है। ऑलवेदर रोड पर तेजी से कार्य चल रहा है। इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से विधायक गणेश जोशी, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, अदिति त्यागी भी जुड़े।

chat bot
आपका साथी