मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने स्मार्ट सिटी के कार्यों का किया औचक निरीक्षण

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने रविवार को स्मार्ट सिटी के कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्‍होंने समय पर काम पूरा करने और गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी और स्मार्ट सिटी के सीईओ डॉ. आशीष श्रीवास्तव भी पहुंचे।

By Sumit KumarEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 03:50 PM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 03:50 PM (IST)
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने स्मार्ट सिटी के कार्यों का किया औचक निरीक्षण
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने रविवार को स्मार्ट सिटी के कार्यों का औचक निरीक्षण किया।

जागरण संवाददाता, देहरादून। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने स्मार्ट सिटी के कार्यों से आमजन को हो रही असुविधा पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को दो टूक योजनाबद्ध तरीके से कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी प्रकार की कोताही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने पलटन बाजार में कार्य पूर्ण करने के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय भी दिया है और हर हाल में इसी समय में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

रविवार को मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी के तहत परेड ग्राउंड और पलटन बाजार में किए जा रहे कार्यो का औचक निरीक्षण किया। इसकी भनक लगते ही स्मार्ट सिटी के अधिकारी भी आनन-फानन मौके पर पहुंचे। परेड ग्राउंड के कार्यों पर मुख्यमंत्री ने संतोष जताया, लेकिन पलटन बाजार में अव्यवस्थित कार्य पर अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने व्यापारियों व आमजन की शिकायतें भी सुनीं और उन पर अधिकारियों को कार्य के दौरान विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी।

इस दौरान स्मार्ट सिटी कंपनी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को कार्यों की प्रगति से रूबरू कराते हुए आश्वस्त किया कि सभी कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक खजान दास, भाजपा अंबेडकर नगर मंडल अध्यक्ष विशाल गुप्ता, पुनीत मित्तल, सिद्धार्थ अग्रवाल, अनिल गोयल आदि भी मौजूद रहे। इससे पहले दोपहर में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत महापौर सुनील उनियाल गामा के आवास पर उनकी माता की तेरहवीं में भी शामिल हुए।

आज से पलटन बाजार की सड़क पर पानी का छिड़काव

मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की शिकायत पर अधिकारियों को निर्देश दिया कि पलटन बाजार की सड़क पर रोजाना पानी का छिड़काव करें, जिससे यहां धूल न उड़े। साथ ही कहा कि पैदल चलने वालों का भी विशेष ध्यान रखा जाए। पलटन बाजार में स्मार्ट सिटी के कार्य, व्यापार और आवाजाही सभी निर्बाध रूप से करवाने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए।

एक बार खोदकर सभी कार्य करें पूर्ण

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि बार-बार सड़क न खोदी जाए। उन्होंने कहा कि एक बार सड़क खोदकर सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। 30 अप्रैल तक कार्य पूर्ण करने के बजाय अधिकारी एक सप्ताह का अतिरिक्त समय लें, लेकिन इसके बाद एक भी दिन नहीं मिलेगा। कहा कि इस समयावधि में सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

पलटन बाजार में 90 फीसद कार्य पूरा

स्मार्ट सिटी के तहत पलटन बाजार में 13.81 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इनमें सड़क के दोनों ओर 900 मीटर की ड्रेन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रस्तावित 480 मीटर मल्टी यूटिलिटी डक्ट में भी 430 मीटर डक्ट का निर्माण किया जा चुका है। अब यहां महज 10 फीसद कार्य शेष है।

मुख्यमंत्री को दुकान में ले गए पार्षद के पति, पिलाया पानी

निरीक्षण के बाद क्षेत्रीय पार्षद सोनिया नागपाल के पति संतोख नागपाल मुख्यमंत्री को एक दुकान में ले गए। वहां उन्होंने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें पानी पिलाया। इस दौरान क्षेत्र के तमाम व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।

यह भी पढ़े- ऋषिकेश नगर निगम महापौर बोलीं, सेवा, समर्पण और त्याग की मिसाल है आरएसएस

यह भी पढ़े- Haridwar Kumbh Mela 2021: उत्तर प्रदेश से सटी सीमाओं पर सख्ती, 570 वाहन लौटाए

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी