मुख्यमंत्री धामी ने जन्‍मदिवस पर टपकेश्वर मंदिर में की पूजा, दिव्‍यांग बच्चों के साथ काटा केक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को टपकेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना की एवं भगवान शिव का जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान भोलेनाथ हमारे आराध्य देव हैं। आज भगवान की शरण में आया हूं।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 09:52 AM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 09:53 PM (IST)
मुख्यमंत्री धामी ने जन्‍मदिवस पर टपकेश्वर मंदिर में की पूजा, दिव्‍यांग बच्चों के साथ काटा केक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को टपकेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना की।

जागरण संवाददाता, देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपना जन्मदिन दिव्यांग और निराश्रित बच्चों के साथ मनाया। उन्होंने राष्ट्रीय दृष्टिबाधित दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान और श्री श्रद्धानंद बाल वनिता आश्रम में बच्चों संग केक काटा। इसके बाद दोनों ही परिसर में पौधारोपण भी किया।

मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह परिवार के साथ टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने जलाभिषेक एवं पूजा कर प्रदेश के विकास एवं जनता की कुशलता की कामना की। इसके बाद वह राष्ट्रीय दृष्टिबाधित दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान पहुंचे। यहां उन्होंने संस्थान के बच्चों के लिए एक स्कूल बस एवं 10 कंप्यूटर दान करने की घोषणा की। इससे पहले दिव्यांग बच्चों ने कविता एवं गीतों की प्रस्तुति भी दी। उन्होंने कहा कि संकल्प शक्ति एवं इच्छा शक्ति दो ऐसी शक्तियां हैं, जिनके बूते हम सब कुछ प्राप्त कर सकते हैं।

जिन लोग ने भी इतिहास बनाया है, वह असाधारण परिस्थितियों में अपनी इच्छा और संकल्प शक्ति से बुलंदियों तक पहुंचे हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री तिलक रोड स्थित बाल वनिता आश्रम पहुंचे। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सभी अपने वर्तमान कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से पालन करें। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा, जिलाधिकारी देहरादून डा. आर राजेश कुमार, एसएसपी जन्मेजय खंडूरी, डा. हिमांग्शू दास, अमित शर्मा, सुधीर गुलाटी, धीरेंद्र मोहन सचदेव, नारायण दत्त, अशोक नारंग, सुदेश भाटिया समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

 प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और उत्‍तर प्रदेश के सीएम ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने ट्वीट कर मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी को बधाई दी। उन्‍होंने ट्वीट किया कि 'उत्तराखंड के युवा और ऊर्जावान मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी को जन्मदिन की बधाई। पदभार ग्रहण करने के बाद से वह राज्य के विकास के लिए अथक परिश्रम कर रहे हैं। उनकी विनम्रता के लिए उनकी प्रशंसा की जाती है। समाज की सेवा में उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।'

वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी मुख्‍यमंत्री धामी को बधाई दी। उन्‍होंने ट्वीट किया कि 'उत्तराखंड के युवा, ऊर्जावान और विनम्र मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई बुलंदियों तक पहुंचे, इसके लिए ईश्वर उन्हें और अधिक ऊर्जा दें। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की कामना करता हूं।'

उधर, उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सीएम धामी को जन्‍मदिवस की बधाई दी। उन्‍होंने ट्वीट कर लिखा 'देवभूमि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ, सफल व सुयशपूर्ण जीवन की कामना है। प्रभु की कृपा से आपके नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य प्रगति के नित नवीन मानक स्थापित करता रहे।'

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जन्मदिन पर युवाओं को दिया तोहफा, प्रतियोगी परीक्षाओं का आवेदन शुल्क माफ करने की घोषणा की

chat bot
आपका साथी